फॉरेस्ट डिपो हॉल में मिला तीन माह से लापता वृद्ध धनुरजाय गौड़ का नरकंकाल
बैग, कपड़े, दवाइयां और डायरी से हुई पहचान, पुलिस ने भी की पुष्टि
रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
फॉरेस्ट डिपो हॉल में मिला तीन माह से लापता वृद्ध धनुरजाय गौड़ का नरकंकाल
बैग, कपड़े, दवाइयां और डायरी से हुई पहचान, पुलिस ने भी की पुष्टि
गुवा संवाददाता। बड़ाजामदा स्थित फॉरेस्ट डिपो हॉल में मंगलवार, 17 नवंबर को एक व्यक्ति का नरकंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नरकंकाल के पास एक बैग और गमछा भी बरामद हुआ। बैग में पैंट, शर्ट, दवाइयां, डायरी तथा एक युवक की तस्वीर मिली। सामान के आधार पर नरकंकाल की पहचान बड़ाजामदा पांडराशाली निवासी धनुरजाय गौड़ (70 वर्ष) के रूप में हुई।

पुलिस ने भी जांच के बाद नरकंकाल की पहचान धनुरजाय गौड़ के रूप में होने की पुष्टि की है। इस संबंध में मृतक के पुत्र बचो गौड़ (47 वर्ष) ने गुवा थाना (बड़ाजामदा ओपी) के थाना प्रभारी को आवेदन देकर मामले की जानकारी दी थी। आवेदन के अनुसार, 17 नवंबर की सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों और मीडियाकर्मियों से सूचना मिली कि फॉरेस्ट डिपो हॉल में एक व्यक्ति का नरकंकाल पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर बचो गौड़ अपने भाई चंद्रकांत गौड़ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां नरकंकाल के समीप एक बैग और गमछा पड़ा मिला। बैग में रखे कपड़े, दवाइयां, डायरी और छोटे भाई की तस्वीर देखकर उन्हें आशंका हुई कि यह नरकंकाल उनके पिता का है। बचो गौड़ ने आवेदन में बताया कि उनके पिता धनुरजाय गौड़ की मानसिक स्थिति पिछले तीन-चार महीनों से ठीक नहीं थी। वह 30 अगस्त 2026 की रात करीब एक बजे घर से निकले थे, जिसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने अपने स्तर से आसपास के गांवों और विभिन्न स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चला।
इधर, नरकंकाल मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और मामले की जांच की। जांच के बाद बड़ाजामदा पुलिस ने पुष्टि की कि बरामद मानव कंकाल धनुरजाय गौड़ का ही है। करीब तीन महीने से लापता वृद्ध की मौत की पुष्टि होने के बाद परिवार में शोक का माहौल है।




