गुवा के कल्याण नगर में सेल प्रबंधन ने लगाया वायु गुणवत्ता मापक उपकरण, 12 मानकों पर होगी प्रदूषण की निगरानी
खनन क्षेत्र में हवा की शुद्धता का होगा आकलन, PM10 और PM2.5 समेत 12 प्रदूषक तत्वों की होगी जांच
रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
गुवा के कल्याण नगर में सेल प्रबंधन ने लगाया वायु गुणवत्ता मापक उपकरण, 12 मानकों पर होगी प्रदूषण की निगरानी
खनन क्षेत्र में हवा की शुद्धता का होगा आकलन, PM10 और PM2.5 समेत 12 प्रदूषक तत्वों की होगी जांच
गुवा संवाददाता। गुवा के कल्याण नगर में सेल (SAIL) गुवा प्रबंधन द्वारा वायु गुणवत्ता मापक उपकरण लगाया गया है। इस उपकरण के माध्यम से क्षेत्र की हवा में मौजूद प्रदूषक तत्वों की मात्रा की नियमित निगरानी की जा सकेगी। इससे क्षेत्र में वायु प्रदूषण के स्तर और हवा की गुणवत्ता का आकलन करने में मदद मिलेगी। भारत के राष्ट्रीय परिवेशी वायु गुणवत्ता मानक (NAAQS-2009) के तहत वायु प्रदूषण की निगरानी के लिए कुल 12 प्रमुख पैरामीटर निर्धारित किए गए हैं। इनमें PM10 और PM2.5 जैसे धूल के सूक्ष्म कण, सल्फर डाइऑक्साइड (SO₂), नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (NO₂), ग्राउंड लेवल ओजोन (O₃), कार्बन मोनोऑक्साइड (CO) और अमोनिया (NH₃) शामिल हैं। इसके अलावा सीसा (Lead), आर्सेनिक (Arsenic), निकल (Nickel), बेंजीन (Benzene) तथा बेन्जो (ए) पाइरीन (BaP) की भी निगरानी के मानक निर्धारित हैं। इनमें PM10 और PM2.5 हवा में मौजूद धूल के कणों की मात्रा दर्शाते हैं। वहीं सल्फर डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड जैसी गैसें ईंधन के दहन एवं औद्योगिक गतिविधियों से संबंधित हैं। कार्बन मोनोऑक्साइड अधूरे दहन से उत्पन्न होती है। गुवा क्षेत्र में लौह अयस्क खनन, परिवहन और औद्योगिक गतिविधियों को देखते हुए इस उपकरण का विशेष महत्व है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़ों से वायु गुणवत्ता की स्थिति का आकलन करने और प्रदूषण नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने में मदद मिल सकेगी।




