भालू के जानलेवा हमले में बुजुर्ग की मौत, हाटगम्हरिया में दहशत
जंगल में शौच के लिए गए 55 वर्षीय प्रधान लागुरी पर अचानक हमला, चाईबासा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
भालू के जानलेवा हमले में बुजुर्ग की मौत, हाटगम्हरिया में दहशत
जंगल में शौच के लिए गए 55 वर्षीय प्रधान लागुरी पर अचानक हमला, चाईबासा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
गुवा संवाददाता। पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के बलांडिया गांव में शनिवार को भालू के हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान बलांडिया मुखिया टोला निवासी 55 वर्षीय प्रधान लागुरी के रूप में हुई है। चाईबासा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान देर शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह प्रधान लागुरी साइकिल से गांव के समीप जंगल की ओर शौच के लिए गए थे। इसी दौरान जंगल में मौजूद एक जंगली भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। भालू ने उन्हें जमीन पर पटक दिया और पंजे व दांत से पेट, पीठ और पैरों पर गंभीर चोट पहुंचाई। हमले में वह बुरी तरह घायल हो गए। प्रधान लागुरी की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने शोर मचाकर भालू को जंगल की ओर भगाया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल प्रधान लागुरी को ग्रामीण तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोग जंगल की ओर जाने से बच रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने और गश्त बढ़ाने की मांग की है। साथ ही मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ने से लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।




