किरीबुरू में उत्पाद विभाग की छापेमारी, महुआ शराब भट्ठी ध्वस्त, दो गिरफ्तार
टाटिबा पहाड़ की तराई में 52 लीटर अवैध शराब बरामद, 2 हजार किलो जावा-महुआ मौके पर किया गया नष्ट

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
किरीबुरू में उत्पाद विभाग की छापेमारी, महुआ शराब भट्ठी ध्वस्त, दो गिरफ्तार
टाटिबा पहाड़ की तराई में 52 लीटर अवैध शराब बरामद, 2 हजार किलो जावा-महुआ मौके पर किया गया नष्ट
गुवा संवाददाता। पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को किरीबुरू थाना क्षेत्र के टाटिबा पहाड़ की तराई में उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब की भट्ठी को ध्वस्त कर दिया। वहीं, शराब बिक्री में संलिप्त दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

छापेमारी के दौरान टीम ने अवैध रूप से संचालित महुआ चुलाई शराब की भट्ठी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा टाटिबा गांव में शराब बिक्री के दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान घटनास्थल से करीब 52 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। वहीं, शराब बनाने के लिए भट्ठी में जमा लगभग 2 हजार किलोग्राम जावा-महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस मामले में कुल तीन अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है, जबकि दो की गिरफ्तारी हुई है। भट्ठी संचालक के विरुद्ध जांच के बाद उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया की जाएगी। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।




