सेल जनरल अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी पर महिलाओं ने उठाई आवाज
पंचायत के सभी जनप्रतिनिधियों की सत्यापन पर्ची पर इलाज की सुविधा बहाल करने, महिला रोग विशेषज्ञ सहित अन्य डॉक्टरों की नियुक्ति और CSR मरीजों को पूरी दवा उपलब्ध कराने की मांग

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
सेल जनरल अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी पर महिलाओं ने उठाई आवाज
पंचायत के सभी जनप्रतिनिधियों की सत्यापन पर्ची पर इलाज की सुविधा बहाल करने, महिला रोग विशेषज्ञ सहित अन्य डॉक्टरों की नियुक्ति और CSR मरीजों को पूरी दवा उपलब्ध कराने की मांग
गुवा संवाददाता। किरीबुरू-मेघाहातुबुरु सेल जनरल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और मरीजों को हो रही परेशानियों को लेकर स्थानीय महिलाओं ने आवाज बुलंद की है।

इस संबंध में किरीबुरू और मेघाहातुबुरु क्षेत्र की दर्जनों महिलाओं ने झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के मेघाहातुबुरु कार्यालय पहुंचकर संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय से मुलाकात की और अस्पताल की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए उनके समाधान की मांग की।

महिलाओं ने बताया कि पूर्व में पंचायत के सभी जनप्रतिनिधियों की सत्यापन पर्ची के आधार पर अस्पताल में मरीजों का निःशुल्क इलाज किया जाता था। लेकिन पिछले कई महीनों से केवल मुखिया की सत्यापन पर्ची ही मान्य की जा रही है। इससे मुखिया के पंचायत से बाहर रहने या अनुपलब्ध होने पर मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

महिलाओं ने पूर्व की व्यवस्था बहाल करते हुए पंचायत के सभी जनप्रतिनिधियों की सत्यापन पर्ची मान्य करने की मांग की। इसके अलावा अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ, ईएनटी, हड्डी रोग एवं नस रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग भी उठाई गई। महिलाओं का कहना था कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के कारण मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। वहीं, CSR के तहत इलाज कराने वाले मरीजों को अस्पताल में सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ती हैं। महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए रामा पांडेय ने आश्वासन दिया कि संघ अस्पताल प्रबंधन के समक्ष इन मुद्दों को रखकर समाधान के लिए वार्ता करेगा। महिलाओं ने भी चिकित्सा प्रभारी से मिलकर अपनी मांगों को रखने की बात कही। बैठक में सेल कर्मियों एवं ठेका श्रमिकों की मांगों पर भी चर्चा हुई। रामा पांडेय ने बताया कि आगामी चार-पांच दिनों में सीजीएम के साथ वार्ता कर श्रमिकों की मांगों पर हुई कार्रवाई की जानकारी ली जाएगी। मौके पर संघ के महासचिव अफताब आलम सहित अन्य लोग मौजूद थे।




