Uncategorized

विजय-2 माइंस के ठेका श्रमिकों का 9.67 प्रतिशत बोनस बकाया, यूनियन ने श्रमायुक्त को सौंपा ज्ञापन

खदान बंद रहने का हवाला देकर भुगतान रोके जाने का आरोप, श्रमिकों ने नियमानुसार बकाया बोनस दिलाने की उठाई मांग

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।

विजय-2 माइंस के ठेका श्रमिकों का 9.67 प्रतिशत बोनस बकाया, यूनियन ने श्रमायुक्त को सौंपा ज्ञापन
खदान बंद रहने का हवाला देकर भुगतान रोके जाने का आरोप, श्रमिकों ने नियमानुसार बकाया बोनस दिलाने की उठाई मांग
गुवा संवाददाता। टाटा स्टील लिमिटेड की विजय-2 आयरन ओर माइंस (घाटकुड़ी, बड़ाजामदा) में कार्यरत ठेका श्रमिकों के बकाया बोनस भुगतान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बोनस की शेष राशि का भुगतान नहीं होने से श्रमिकों में नाराजगी है। इस मामले में झारखंड मजदूर यूनियन की बराइबुरू इकाई ने बीएस माइनिंग कॉरपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड एवं संबंधित कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सहायक श्रमायुक्त (केंद्रीय), चाईबासा को ज्ञापन सौंपा है। यूनियन के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 के बोनस के तहत श्रमिकों को केवल 8.33 प्रतिशत राशि का भुगतान किया गया है, जबकि शेष 9.67 प्रतिशत बोनस अब तक बकाया है। यूनियन ने कंपनी के 4 दिसंबर 2025 के पत्र का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि खदान में काम बंद रहने के कारण बकाया बोनस का भुगतान रोक दिया गया है। साथ ही भुगतान को खदान में दोबारा काम शुरू होने की शर्त से जोड़ दिया गया है।
यूनियन का कहना है कि खदान में काम बंद रहने से पहले ही श्रमिकों के सामने रोजगार और आर्थिक संकट की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में मेहनत से अर्जित बोनस की राशि का भुगतान नहीं होना मजदूरों और उनके परिवारों की परेशानी बढ़ा रहा है।
यूनियन ने श्रम विभाग से मामले की शीघ्र जांच कराने, बोनस की गणना का पूरा ब्योरा उपलब्ध कराने और नियमानुसार बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित कंपनी एवं ठेकेदार को आवश्यक निर्देश देने की अपील की गई है। इस मामले को लेकर झारखंड मजदूर यूनियन के अध्यक्ष दीनबंधु पात्रो, महासचिव दुलाल चाम्पिया, उपाध्यक्ष मधु सिदू, सचिव लखन चाम्पिया तथा कार्यकारिणी सदस्य मुगा सिदू, बागी चाम्पिया समेत अन्य पदाधिकारी श्रमिकों के हक में लगातार आवाज उठा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!