Uncategorized
गुवा में धूमधाम से संपन्न हुई मां काली की पूजा, स्टेशन कॉलोनी में उमड़े तीन हजार श्रद्धालु
महिलाओं ने उपवास रखकर मांगी मन्नतें, पूजा के बाद दी गई बकरे की बलि; सोमवार को होगा भोग वितरण
रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
गुवा में धूमधाम से संपन्न हुई मां काली की पूजा, स्टेशन कॉलोनी में उमड़े तीन हजार श्रद्धालु
महिलाओं ने उपवास रखकर मांगी मन्नतें, पूजा के बाद दी गई बकरे की बलि; सोमवार को होगा भोग वितरण
गुवा संवाददाता। गुवा स्थित स्टेशन कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में दीपावली के अवसर पर मां काली की पूजा धूमधाम और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। स्टेशन कॉलोनी स्थित मां काली मंदिर में स्थापित मां काली की विशाल प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पूजा का समापन रात 12 बजे हुआ। इस दौरान करीब तीन हजार श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।

पूजा को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया। कई महिलाओं ने सुबह से लेकर पूजा संपन्न होने तक उपवास रखा और मां काली से अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए मन्नतें मांगीं। पूजा संपन्न होने के बाद परंपरा के अनुसार बकरे की बलि दी गई। इसके अलावा गुवा के विभिन्न दुर्गा मंडपों में भी मां काली की पूजा-अर्चना की गई।
दीपावली के अवसर पर शहर की विभिन्न कॉलोनियों में बच्चों ने जमकर आतिशबाजी की। लोगों ने अपने-अपने घरों को दीपों और रोशनी से सजाकर दीपावली का त्योहार मनाया। त्योहार के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुवा प्रशासन सक्रिय रहा। पुलिस जगह-जगह गश्त करती नजर आई। साथ ही जुआ खेलने वालों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष निगरानी रखी गई।
वहीं, सोमवार को स्टेशन कॉलोनी स्थित मां काली मंदिर में श्रद्धालुओं के बीच भोग वितरण का आयोजन किया जाएगा। मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। ऐसी मान्यता है कि मां काली के दरबार में सच्चे मन और श्रद्धा से मांगी गई मन्नतें पूरी होती हैं।




