सिरजोन टीम ने आयोजित की शपथ ग्रहण सह सोशल मीडिया कार्यशाला
समाज, भाषा, संस्कृति और परंपरा के संरक्षण के साथ सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर हुई चर्चा

सिरजोन टीम ने आयोजित की शपथ ग्रहण सह सोशल मीडिया कार्यशाला
समाज, भाषा, संस्कृति और परंपरा के संरक्षण के साथ सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर हुई चर्चा
परमानंद गोप नोवामुंडी। नोवामुंडी आदिवासी एसोसिएशन भवन में रविवार को सामाजिक संगठन ‘सिरजोन टीम’ की ओर से ‘समाज हमारा है, इसे संवारने की जिम्मेदारी भी हमारी है’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने समाज, भाषा, संस्कृति, परंपरा और आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए ईमानदारी, एकता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की शपथ ली।

शपथ ग्रहण के दौरान लोगों ने संकल्प लिया कि वे अपने समाज के हित में मिल-जुलकर कार्य करेंगे तथा सामाजिक मूल्यों, भाषा, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।

कार्यशाला में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और उसके जिम्मेदार इस्तेमाल पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल युग में फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ समाज, व्यापार और राजनीति को भी व्यापक रूप से प्रभावित कर रहे हैं। सोशल मीडिया ने भौगोलिक दूरियों को कम करते हुए लोगों को टेक्स्ट, ऑडियो और वीडियो कॉल के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़ने का आसान माध्यम उपलब्ध कराया है।

वक्ताओं ने कहा कि पारंपरिक मीडिया तक खबर पहुंचने से पहले कई बार ताजा घटनाओं, महत्वपूर्ण सूचनाओं और वैश्विक घटनाक्रमों की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ ही सेकंड में लोगों तक पहुंच जाती है। हालांकि, इसके साथ सोशल मीडिया के दुरुपयोग की चुनौती भी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि अफवाहें और फर्जी खबरें भी सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होती हैं, जिससे समाज में भ्रम, तनाव और गलतफहमी की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है। वक्ताओं ने लोगों से सोशल मीडिया के जिम्मेदार और सकारात्मक उपयोग के प्रति सजग रहने की अपील की।




