
रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
सेल प्रबंधन ने नानक नगर में बनवाया पक्का कूड़ेदान, फिर भी बाहर फेंका जा रहा कचरा
नियमित कचरा उठाव के बावजूद लोगों की लापरवाही से कूड़ेदान के आसपास लग रहा गंदगी का अंबार
गुवा संवाददाता। सेल (SAIL) प्रबंधन की ओर से नानक नगर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए पक्के कूड़ेदान का निर्माण कराया गया है। इसका उद्देश्य नानक नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को कचरा फेंकने के लिए एक निर्धारित स्थान उपलब्ध कराना है, ताकि मोहल्ले में साफ-सफाई बनी रहे।
इसके साथ ही सेल प्रबंधन की ओर से कचरा उठाने वाली गाड़ी भी नियमित रूप से भेजी जाती है, जो कूड़ेदान से कचरा उठाकर क्षेत्र की सफाई करती है। इसके बावजूद कुछ लोगों में जागरूकता की कमी के कारण कूड़ेदान का सही इस्तेमाल नहीं हो रहा है। लोग कूड़ेदान में कचरा डालने के बजाय उसके बाहर ही कचरा फेंक रहे हैं। लोगों की इस लापरवाही के कारण कूड़ेदान के आसपास गंदगी का अंबार लग रहा है। इससे दुर्गंध फैलने के साथ मक्खी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका बनी हुई है। इसका प्रतिकूल असर आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है।
ऐसे में स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय सेल प्रबंधन द्वारा बनाए गए पक्के कूड़ेदान में ही डालें। स्वच्छता बनाए रखना केवल प्रबंधन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है। लोगों के सामूहिक सहयोग से ही नानक नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।



