त्योहारी सीजन से पहले चक्रधरपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा
मथुरा स्वीट्स से 20 किलो खराब रसगुल्ले व एक्सपायरी पास्ता जब्त, पांच प्रतिष्ठानों को नोटिस

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
त्योहारी सीजन से पहले चक्रधरपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा
मथुरा स्वीट्स से 20 किलो खराब रसगुल्ले व एक्सपायरी पास्ता जब्त, पांच प्रतिष्ठानों को नोटिस
चाईबासा। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने चक्रधरपुर में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम और दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने शहर के विभिन्न मिठाई दुकानों, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, भंडारण व्यवस्था और जरूरी दस्तावेजों की जांच की।

जांच के दौरान मथुरा स्वीट्स में खाद्य सुरक्षा मानकों में गंभीर अनियमितता सामने आई। टीम ने वहां से करीब 20 किलोग्राम खराब एवं सड़े-गले रसगुल्ले तथा एक्सपायरी हो चुके पास्ता स्नैक्स बरामद किए। अधिकारियों के निर्देश पर खराब और एक्सपायरी खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
कई प्रतिष्ठानों में मिलीं अनियमितताएं
अभियान के दौरान कई खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में खामियां पाई गईं। कुछ रेस्टोरेंट में पैकेटबंद पनीर का इस्तेमाल किया जा रहा था। वहीं, कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का स्तर संतोषजनक नहीं पाया गया। जांच के दौरान आवश्यक वैध दस्तावेजों से संबंधित कमियां भी सामने आईं।

खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर विभाग ने मथुरा स्वीट्स, क्यूज़ीन फैमिली रेस्टोरेंट, संतुष्ट क्यूज़ीन रेस्टोरेंट, शंकर मिष्ठान भंडार और छप्पन भोग को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
खाद्य कारोबारियों को सख्त निर्देश
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को दुकानों और रेस्टोरेंट में स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य सामग्री का सुरक्षित तरीके से भंडारण करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने पैकेटबंद खाद्य पदार्थों की बिक्री से पहले FSSAI लाइसेंस नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि की जांच करने को कहा।

विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान मिलावटी, खराब और एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।




