Uncategorized

खेत से बैंक तक… किसानों का सहारा बनी कासिरा एमपीसीएस

दो साल में 10,572 क्विंटल धान की खरीद, 105 किसानों का फसल बीमा; गांव में ही मिल रही बैंकिंग और ऑनलाइन सेवाएं

जगन्नाथपुर

किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाने से लेकर फसल खराब होने पर आर्थिक सुरक्षा और बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने तक, कासिरा बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रही है। समिति ने वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में 237 किसानों से 10,572.07 क्विंटल धान की खरीद कर किसानों को स्थानीय स्तर पर सरकारी समर्थन मूल्य पर उपज बेचने का अवसर दिया। वहीं खरीफ 2026 में 105 किसानों का फसल बीमा कराया गया।

कसीरा लैम्प्स

 

कासिरा एमपीसीएस : आंकड़ों में 

• 18 अप्रैल 2013 │ समिति का निबंधन

• 237 किसान │ दो साल में धान बेचने वाले

• 10,572.07 क्विंटल │ दो साल में धान अधिप्राप्ति

• 8,075.11 क्विंटल │ 2025-26 में धान खरीद

• 168 किसान │ 2025-26 में धान बेचने वाले

• 2,496.96 क्विंटल | 2024-25 में धान खरीद

• 69 किसान │ 2024-25में धान बेचने वाले

• 105 किसान │ खरीफ 2026 में फसल बीमा

 

एक साल में तीन गुना से ज्यादा बढ़ी धान खरीद :

कासिरा एमपीसीएस की धान अधिप्राप्ति व्यवस्था से किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में समिति ने 69 किसानों से 2,496.96 क्विंटल धान खरीदा था। अगले वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह आंकड़ा बढ़कर 168 किसानों से 8,075.11 क्विंटल हो गया। स्थानीय स्तर पर धान बिक्री केंद्र उपलब्ध होने से किसानों को अपनी उपज लेकर दूर जाने की जरूरत कम पड़ रही है।

 

फसल बीमा से किसानों को आर्थिक सुरक्षा :

प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य कारणों से फसल को होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए समिति द्वारा फसल बीमा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है। खरीफ 2026 के दौरान सामान्य सेवा केंद्र के माध्यम से 105 किसानों का फसल बीमा कराया गया।

 

गांव में ही डिजिटल और बैंकिंग सुविधा :

कासिरा एमपीसीएस का सामान्य सेवा केंद्र ग्रामीणों के लिए डिजिटल सेवाओं का स्थानीय माध्यम बन रहा है। विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं के लिए ग्रामीणों को दूर जाने की जरूरत कम हुई है। इससे समय और आवागमन के खर्च में भी कमी आ रही है।

बैंक सखी सतेंद्र हेस्सा

समिति के सचिव सत्येंद्र हेस्सा का झारखंड स्टेट कोऑपरेटिव बैंक द्वारा बैंक सखी के रूप में चयन किया गया है। इसके माध्यम से ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने और वित्तीय सुविधाओं को गांव के करीब पहुंचाने में मदद मिल रही है।

 

डीसी बोले- सहकारिता से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था :

पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने कासिरा एमपीसीएस की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि धान अधिप्राप्ति, फसल बीमा, बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने से किसानों और ग्रामीणों को सीधा लाभ मिल सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!