Uncategorized

दुर्गा पूजा को लेकर किरीबुरू थाना में शांति समिति की बैठक

पूजा समितियों को आईडी कार्ड, सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।

दुर्गा पूजा को लेकर किरीबुरू थाना में शांति समिति की बैठक

पूजा समितियों को आईडी कार्ड, सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश

गुवा संवाददाता। दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर किरीबुरू थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ विनीत किंडो ने की। मौके पर थाना प्रभारी रोहित कुमार सहित विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के सदस्य, वॉलंटियर्स एवं अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।

बैठक में पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। सभी पूजा समितियों के सदस्यों एवं वॉलंटियर्स को अनिवार्य रूप से आईडी कार्ड पहनने का निर्देश दिया गया, ताकि भीड़ के बीच जिम्मेदार सदस्यों की पहचान आसानी से हो सके और आपात स्थिति में पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके। पुलिस ने पूजा पंडालों में अश्लील गाने, आपत्तिजनक नृत्य अथवा सामाजिक माहौल बिगाड़ने वाले कार्यक्रमों पर रोक लगाने की बात कही। ऑकेस्ट्रा एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में भी निर्धारित नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया। रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर एवं तेज आवाज में गाना बजाने पर रोक रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है। वहीं, रावण दहन कार्यक्रम के दौरान ड्रोन कैमरे एवं सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य सड़कों, बिजली के खंभों और पूजा स्थलों के आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। अंधेरे वाले स्थानों को चिह्नित कर अतिरिक्त लाइट लगाने पर भी जोर दिया गया। प्रशासन ने पूजा पंडालों एवं आसपास के क्षेत्रों में नशापान पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया। साथ ही अवैध शराब बिक्री केंद्रों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने की बात कही गई। पुलिस प्रशासन ने पूजा समितियों से अपील की कि वे सभी निर्देशों का पालन करते हुए दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करें। किसी भी अफवाह या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!