नोवामुंडी में लगातार दूसरे दिन खड़े वाहन में लगी भीषण आग, हाइवा का केबिन जलकर राख
दीपावली की रात ट्रेलर के बाद सोमवार देर रात सेंट मेरी स्कूल के पास हुई दूसरी घटना, पार्किंग स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
नोवामुंडी में लगातार दूसरे दिन खड़े वाहन में लगी भीषण आग, हाइवा का केबिन जलकर राख
दीपावली की रात ट्रेलर के बाद सोमवार देर रात सेंट मेरी स्कूल के पास हुई दूसरी घटना, पार्किंग स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
गुवा संवाददाता। पश्चिम सिंहभूम जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र में खड़े भारी वाहनों में आग लगने की लगातार दूसरी घटना सामने आई है। दीपावली की रात कोटगढ़ ढाबा के पास खड़े ट्रेलर में आग लगने के बाद सोमवार देर रात सेंट मेरी स्कूल के समीप खड़ी एक हाइवा आग की चपेट में आ गई। इस घटना में हाइवा का केबिन पूरी तरह जलकर राख हो गया। लगातार दो दिनों में हुई घटनाओं से वाहन मालिकों में दहशत और आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त हाइवा कुम्हार टोली निवासी बीरेंद्र पासवान की है। वाहन मालिक ने बताया कि सोमवार रात करीब दो बजे स्थानीय लोगों ने फोन कर गाड़ी में आग लगने की सूचना दी। इसके बाद वे तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना मिलने पर नोवामुंडी पुलिस भी मौके पर पहुंची और टाटा स्टील प्रबंधन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
समय रहते आग बुझा दिए जाने से हाइवा का अगला टायर जलने से बच गया। घटनास्थल के आसपास कई अन्य भारी वाहन खड़े थे, जबकि ठीक सामने सेंट मेरी स्कूल का भवन स्थित है। ऐसे में आग फैलने पर बड़ा हादसा हो सकता था।
वाहन मालिक के पुत्र के अनुसार, हाइवा पिछले 10 से 15 दिनों से उसी स्थान पर खड़ी थी। दो दिन पहले अज्ञात चोरों ने वाहन का टर्मिनेटर भी चोरी कर लिया था। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से हाइवा की बैटरी पहले ही निकालकर रख दी गई थी। ऐसे में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका नहीं जताई जा रही है।
प्रारंभिक तौर पर पटाखे की चिंगारी से आग लगने की संभावना व्यक्त की जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि दीपावली की रात भी कोटगढ़ ढाबा के पास खड़े एक ट्रेलर में आग लग गई थी। लगातार दूसरी घटना ने भारी वाहनों की पार्किंग और रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वाहन मालिकों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है।




