नन्हे बच्चों ने रंग-बिरंगे पारंपरिक घर बनाकर मनाई दिवाली, दीप जलाकर की लक्ष्मी-गणेश की पूजा-अर्चना
मिट्टी से बनाई देवी-देवताओं की प्रतिमाएं, पूजा के बाद कारो नदी में किया विसर्जन

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
नन्हे बच्चों ने रंग-बिरंगे पारंपरिक घर बनाकर मनाई दिवाली, दीप जलाकर की लक्ष्मी-गणेश की पूजा-अर्चना
मिट्टी से बनाई देवी-देवताओं की प्रतिमाएं, पूजा के बाद कारो नदी में किया विसर्जन
गुवा संवाददाता। दीपावली के शुभ अवसर पर नन्हे बच्चों में पारंपरिक रीति-रिवाजों और भारतीय संस्कृति के प्रति खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और हुनर का परिचय देते हुए मिट्टी एवं अन्य सामग्रियों से रंग-बिरंगे छोटे-छोटे पारंपरिक घरों का निर्माण किया।

इन घरों को आकर्षक ढंग से सजाकर दीप जलाए और माता लक्ष्मी एवं भगवान श्री गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।इस दौरान बच्चों ने मिट्टी से माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की छोटी-छोटी प्रतिमाएं भी तैयार कीं। रंग-बिरंगे घरों में दीप प्रज्वलित कर पूजा-पाठ करने के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों ने पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ दीपावली का त्योहार मनाया। पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद बच्चों ने माता लक्ष्मी एवं भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं को श्रद्धापूर्वक कारो नदी में विसर्जित किया।

इस दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उमंग साफ झलक रही थी। आधुनिकता के इस दौर में भी नन्हे बच्चों द्वारा पारंपरिक तरीके से दीपावली मनाना भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और पुरानी परंपराओं के संरक्षण का सुंदर उदाहरण बना। बच्चों की इस पहल ने यह संदेश दिया कि आने वाली पीढ़ी भी अपनी सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक रीति-रिवाजों को संजोकर रखने के प्रति जागरूक है।




