प्रत्येक पूजा पंडाल में सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य : इंस्पेक्टर वासुदेव मुंडा
नोवामुंडी थाना में दुर्गापूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लिए गए कई अहम निर्णय

प्रत्येक पूजा पंडाल में सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य : इंस्पेक्टर वासुदेव मुंडा
नोवामुंडी थाना में दुर्गापूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लिए गए कई अहम निर्णय
परमानंद गोप नोवामुंडी। आगामी 16 अक्टूबर से शुरू होने वाले दुर्गापूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को नोवामुंडी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता नोवामुंडी अंचल के इंस्पेक्टर वासुदेव मुंडा ने की। इस दौरान पूजा समितियों के सदस्यों के साथ पर्व के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि क्षेत्र के प्रत्येक दुर्गापूजा पंडाल में सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य होगा, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा सभी पूजा पंडालों में अग्निशमन यंत्र के साथ पर्याप्त मात्रा में बालू रखने का निर्देश दिया गया।

बैठक में बताया गया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विजयादशमी के दिन सेंट्रल कैंप और बालीझरन कैंप में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्य सड़क पर भारी वाहनों के परिचालन के लिए नो-एंट्री व्यवस्था एसडीओ के निर्देश प्राप्त होने के बाद लागू की जाएगी। पंडालों में डीजे बजाने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीजे की अनुमति देने से पहले 14 अक्टूबर को थाना परिसर में पूजा समितियों के साथ बैठक कर निर्णय लिया जाएगा। वहीं, पंडालों में बजाए जाने वाले भक्ति गीत एवं अन्य गीतों का भी सत्यापन किया जाएगा। बैठक में इंस्पेक्टर वासुदेव मुंडा, एएसआई पूर्णिमा कुमारी, टाटा स्टील सिक्योरिटी हेड प्रकाश मिश्रा सहित पूजा समितियों के सदस्य साधु सिंह, रितेश्वर प्रसाद, कुंदन कुमार, निलेश ठक्कर, अर्जुन दास, नीरज बिरुवा, मनोज भाटिया, गणेश पात्रो, सागर गोप, सूरज प्रसाद, आनंद गोप, रमेश दास, निखिल कुमार, अनवर खान, रोहित ठाकुर, वीर बहादुर सिंह, धीरेन्द्र गोप, लालमोहन दास, मो. ख्वाजा आदि मौजूद थे।




