सेल गुवा की पहल: 10 गांवों की बेटियां चिकित्सा क्षेत्र में बनाएंगी करियर, दो वर्षीय प्रशिक्षण के लिए राउरकेला रवाना
सीएसआर के तहत एएनएम और डीएमएलटी का मिलेगा प्रशिक्षण, सीजीएम सी.बी. कुमार ने हरी झंडी दिखाकर बस को किया रवाना
रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
सेल गुवा की पहल: 10 गांवों की बेटियां चिकित्सा क्षेत्र में बनाएंगी करियर, दो वर्षीय प्रशिक्षण के लिए राउरकेला रवाना
सीएसआर के तहत एएनएम और डीएमएलटी का मिलेगा प्रशिक्षण, सीजीएम सी.बी. कुमार ने हरी झंडी दिखाकर बस को किया रवाना
गुवा संवाददाता। सेल की गुवा अयस्क खदान प्रबंधन की ओर से कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत लीज क्षेत्र के 10 गांवों की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत चयनित 10 छात्राओं को चिकित्सा क्षेत्र में प्रशिक्षण दिलाने के लिए राउरकेला भेजा गया। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए शिक्षा और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्राओं को एएनएम (ऑक्सिलरी नर्स मिडवाइफरी) एवं डीएमएलटी (डिप्लोमा इन मेडिकल लैबोरेटरी टेक्नोलॉजी) से संबंधित दो वर्षीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए सभी चयनित छात्राओं को राउरकेला स्थित डॉ. अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में दाखिला दिलाकर प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है। प्रशिक्षण के दौरान छात्राएं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी सैद्धांतिक जानकारी के साथ व्यावहारिक कौशल भी हासिल करेंगी। इस सीएसआर पहल का मुख्य उद्देश्य गुवा सेल के लीज क्षेत्र के 10 गांवों की बेटियों को बेहतर शिक्षा और रोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद छात्राओं के सामने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में रोजगार एवं करियर बनाने के अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही वे अपने परिवार और समाज के विकास में भी योगदान दे सकेंगी। इस अवसर पर गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) सी.बी. कुमार ने हरी झंडी दिखाकर बस को राउरकेला के लिए रवाना किया।

मौके पर महाप्रबंधक सुमन कुमार, सीएसआर विभाग के डीजीएम अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।




