मोंगरा फुटबॉल मैदान में धरती आबा बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा का अनावरण
विधायक सोनाराम सिंकू ने अतिथियों के साथ किया अनावरण, कहा- बिरसा मुंडा आदिवासी अस्मिता, संघर्ष और आजादी के जीवंत प्रतीक

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
मोंगरा फुटबॉल मैदान में धरती आबा बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा का अनावरण
विधायक सोनाराम सिंकू ने अतिथियों के साथ किया अनावरण, कहा- बिरसा मुंडा आदिवासी अस्मिता, संघर्ष और आजादी के जीवंत प्रतीक
जगन्नाथपुर। जगन्नाथपुर प्रखंड के मोंगरा गांव स्थित फुटबॉल मैदान में बुधवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा का समारोहपूर्वक अनावरण किया गया। बिरसा उलगुलान संघर्ष समिति मोंगरा, जगन्नाथपुर की ओर से आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू ने अन्य अतिथियों के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर प्रतिमा का अनावरण किया।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने ‘धरती आबा बिरसा मुंडा अमर रहें’ के नारे लगाकर उन्हें नमन किया। समारोह में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, स्थानीय मानकी-मुंडा, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत हो साहित्यकार एवं कवि डोबरो बुड़ीउली ने अपनी स्वरचित कविता और हो गीत की प्रस्तुति से की।

उन्होंने कहा कि मोंगरा गांव में धरती आबा की आदमकद प्रतिमा स्थापित होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। भगवान बिरसा मुंडा आदिवासी अस्मिता, संघर्ष और आजादी के जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने अपनी कविता के माध्यम से विल्किंसन रूल, सीएनटी एक्ट और पेसा कानून के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि विधायक सोनाराम सिंकू ने कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा की प्रतिमा हर जगह स्थापित होनी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा ले सकें। उन्होंने अंग्रेजों और जमीन लुटेरों के खिलाफ संघर्ष कर आदिवासियों की जमीन, संस्कृति और अस्मिता की रक्षा की थी। उनका बलिदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि हमें बिरसा मुंडा के साथ-साथ पोटो हो, बाड़ा हो, नारा हो, खरसावां गोलीकांड और सेरेंगसिया विद्रोह जैसे ऐतिहासिक घटनाक्रमों को जानने और समझने की जरूरत है। अपनी संस्कृति और लोक परंपराओं को जीवंत बनाए रखना ही हमारी असली पहचान है।

विधायक को बनम बजाकर किया सम्मानित
इस अवसर पर हो साहित्यकार एवं कवि डोबरो बुड़ीउली ने विधायक सोनाराम सिंकू को अपनी स्वरचित कविता संग्रह पुस्तिका भेंट कर सम्मानित किया। वहीं सतीश सामड ने उन्हें पारंपरिक वाद्य यंत्र बनम भेंट किया। विधायक ने बनम बजाकर भी अपनी सहभागिता प्रदर्शित की।
समारोह में एसडीपीओ रफायल मुर्मू, जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू दास, जगन्नाथपुर प्रखंड प्रमुख बुधराम पूर्ति, क्षेत्र मानकी कामिल केराई, हो साहित्यकार डोबरो बुड़ीउली एवं बागुन बोदरा, विपिन सिंकू, हसलुद्दीन खान, रेशमा सिंकू, चंद्रशेखर दास, ललिता कुमार दोराईबुरू, मंजीत कुमार प्रधान, सतीश सामड, सिकुर गोप, सूरज मुखी, राजू पान, विक्रम हेंब्रम, मकरध्वज सरदार, विश्वनाथ हेंब्रम, सोमनाथ सिंकू, अंकुरा सिंकू, राजू हेंब्रम, मथुरा लागुरी, सागर लागुरी, रमेश सिंकु, सुशील हेस्सा, क्रांति तिरिया, रघुनाथ राउत, बबलू गोप, मनीष गोप, लोकनाथ पान, सनातन सिंकु, महिला कांग्रेस की सावित्री जेराई, मेजों पिंगुवा, लक्ष्मी केराई, मंजू पूर्ति, कुंती बरजो, दिव्या जेराई, सनमती सुंडी, परिता हेंब्रम, बेलमती बोबोंगा, जगन्नाथ पान, रंजीत गगराई, हरीश पान, अशोक गोप, शाहरुख अली और सरफराज आलम सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।




