ठेका मजदूरों की समस्याओं पर सेल प्रबंधन के खिलाफ भड़के रामा पांडे, छठ के बाद आंदोलन की चेतावनी
सेमी स्किल, हाई स्किल और स्किल श्रेणी का लाभ अब तक नहीं मिलने से मजदूरों में नाराजगी, एंबुलेंस व अग्निशमन वाहन की मांग भी लंबित

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
ठेका मजदूरों की समस्याओं पर सेल प्रबंधन के खिलाफ भड़के रामा पांडे, छठ के बाद आंदोलन की चेतावनी
सेमी स्किल, हाई स्किल और स्किल श्रेणी का लाभ अब तक नहीं मिलने से मजदूरों में नाराजगी, एंबुलेंस व अग्निशमन वाहन की मांग भी लंबित
गुवा संवाददाता। सेल (SAIL) की गुवा लौह अयस्क खदान में कार्यरत ठेका मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने सेल प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि प्रबंधन की ओर से ठेका मजदूरों को सेमी स्किल, हाई स्किल एवं स्किल श्रेणी का लाभ देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। इससे मजदूरों में लगातार असंतोष बढ़ रहा है।

रामा पांडे ने कहा कि अक्टूबर महीने में नियमानुसार 26 दिनों का मैन डेज तैयार होना चाहिए था, लेकिन प्रबंधन की ओर से केवल 24 दिनों का ही मैन डेज बनाया गया। इसके कारण ठेका मजदूरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गुवा क्षेत्र में एंबुलेंस उपलब्ध कराने का आश्वासन प्रबंधन लंबे समय से दे रहा है, लेकिन अब तक एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराया गया है। वहीं, अग्निशमन वाहन की मांग भी लंबे समय से लंबित है।

मजदूरों के क्वार्टर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रबंधन ने एक महीने का समय मांगा था, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी कोई ठोस पहल नहीं की गई। पेंशन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि ठेका मजदूरों के वेतन से नियमित रूप से पेंशन की राशि काटी जाती है, लेकिन जब मजदूर पेंशन का लाभ लेने जाते हैं तो उन्हें तरह-तरह के बहाने बताकर परेशान किया जाता है। इसके अलावा नियमानुसार मजदूरों की उपस्थिति डी-रजिस्टर में दर्ज की जानी चाहिए, लेकिन इसका भी पालन नहीं किया जा रहा है।

रामा पांडे ने सेल प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि मजदूरों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया और पूर्व में दिए गए आश्वासनों को धरातल पर लागू नहीं किया गया, तो छठ पर्व के बाद झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के नेतृत्व में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी सेल प्रबंधन की होगी।




