रेलवे का बड़ा फैसला: 12 से 18 नवंबर तक टाटा-गुवा सहित कई ट्रेनें रहेंगी रद्द, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
गुवा, नोवामुंडी, किरीबुरू और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
रेलवे का बड़ा फैसला: 12 से 18 नवंबर तक टाटा-गुवा सहित कई ट्रेनें रहेंगी रद्द, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
गुवा संवाददाता। चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत विभिन्न रेलखंडों में तकनीकी कार्य एवं रेलवे ट्रैक के रखरखाव को लेकर रेलवे ने 12 नवंबर से 18 नवंबर 2026 तक कई ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में दक्षिण पूर्व रेलवे की ओर से 11 नवंबर 2026 को आधिकारिक आदेश जारी किया गया है।रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, विभिन्न स्थानों पर ट्रैक मशीन ब्लॉक, पोस्ट नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य, प्री-नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य, रेलवे क्रॉसिंग पर रोशनी की व्यवस्था तथा सिंगल लाइन ब्लॉक सहित कई तकनीकी कार्य किए जाएंगे। इसी कारण निर्धारित अवधि में कई यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।जारी आदेश के अनुसार, टाटा-गुवा-बारबिल मेमू ट्रेन (68019/68020) को 12 नवंबर से 18 नवंबर तक रद्द किया गया है। इसके अलावा टाटा-गुवा-टाटा मेमू (68003/68004), टाटा-चाईबासा-टाटा मेमू (68137/68138) सहित अन्य ट्रेनों के परिचालन पर भी असर पड़ेगा।रेलवे के इस निर्णय से गुवा, नोवामुंडी, किरीबुरू और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। खासकर टाटा (जमशेदपुर) आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और इलाज कराने वाले मरीजों की यात्रा प्रभावित होने की संभावना है।स्थानीय यात्रियों का कहना है कि गुवा क्षेत्र में रेल यातायात के सीमित विकल्प होने के कारण ट्रेनों के रद्द होने से आवागमन में काफी कठिनाई होती है। यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है।रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित ट्रेनों की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।




