Uncategorized

गुवा में धूमधाम से मनी भाई दूज और चित्रगुप्त पूजा, बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र की कामना की

योगनगर और बड़ाजामदा के चित्रगुप्त मंदिरों में कायस्थ समाज ने की आराध्य भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।

गुवा में धूमधाम से मनी भाई दूज और चित्रगुप्त पूजा, बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र की कामना की
योगनगर और बड़ाजामदा के चित्रगुप्त मंदिरों में कायस्थ समाज ने की आराध्य भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना
गुवा संवाददाता। गुवा एवं आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को भाई दूज और चित्रगुप्त पूजा पारंपरिक रीति-रिवाज एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए भाई दूज की पूजा की। वहीं कायस्थ समाज के लोगों ने योगनगर स्थित चित्रगुप्त मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर भगवान चित्रगुप्त की विधिवत पूजा-अर्चना की।

भाई दूज को लेकर गुवा बाजार, सेव नगर, स्टेशन कॉलोनी, विवेक नगर, कल्याण नगर, हिरजीहाटिंग, कैलाश नगर सहित बड़ाजामदा के विभिन्न क्षेत्रों में उत्साह का माहौल रहा। बहनों ने सामूहिक रूप से पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा की तथा पारंपरिक गीत गाकर यमराज से अपने भाइयों की लंबी उम्र की कामना की।
इस दौरान भाई दूज की विशेष परंपरा के तहत बहनों ने लाठी-डंडों से गाय के गोबर से बने गोधन की कुटाई की। गोधन पर चना और रेघनी के कांटे चढ़ाए गए। इसके बाद चना और रेघनी के कांटे अलग कर बहनों ने रेघनी का कांटा अपनी जीभ में चुभोकर परंपरा निभाई। साथ ही भाइयों को चना (बजरी) और लड्डू खिलाकर उनके सुखमय जीवन की कामना की।

वहीं कायस्थ समाज के लोगों ने देवी-देवताओं के लेखपाल भगवान चित्रगुप्त महाराज की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर कलम-दवात की पूजा कर पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन किया गया। घरों एवं मंदिरों में बही-खाता, पुस्तक, फल-फूल और अन्य पूजन सामग्री के साथ भगवान चित्रगुप्त की आरती उतारी गई तथा परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की गई।

बड़ाजामदा स्थित चित्रगुप्त मंदिर में भी चित्रगुप्त पूजा धूमधाम से आयोजित की गई। इस अवसर पर सेल गुवा के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार, आरके बंगा, भूषण लाल, अजीत श्रीवास्तव, राकेश कुमार सिन्हा, शालू कुमार, इंद्राणी वर्मा, राकेश नंदकोलियर सहित कायस्थ समाज के अनेक लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!