दुकान में आग लगने से झुलसे शंकर गिरि, जिला परिषद सदस्य व मुखिया ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
बैंक से ऋण लेकर चला रहे थे मोटरसाइकिल पार्ट्स की दुकान, हादसे से आर्थिक स्थिति प्रभावित

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
दुकान में आग लगने से झुलसे शंकर गिरि, जिला परिषद सदस्य व मुखिया ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
बैंक से ऋण लेकर चला रहे थे मोटरसाइकिल पार्ट्स की दुकान, हादसे से आर्थिक स्थिति प्रभावित
गुवा संवाददाता। सोमवार देर शाम किरीबुरू स्थित मंगला बाजार में शंकर गिरि की मोटरसाइकिल पार्ट्स दुकान में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुकान में लगी आग बुझाने के दौरान दुकान मालिक शंकर गिरि के हाथ और पैर बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल किरीबुरू सेल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलने पर नोवामुंडी भाग-1 की जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी एवं किरीबुरू की मुखिया पार्वती किंडो अस्पताल पहुंचीं। दोनों जनप्रतिनिधियों ने घायल शंकर गिरि से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने शंकर गिरि को सांत्वना देते हुए शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों से उनके इलाज की स्थिति के बारे में जानकारी ली तथा बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही। बताया जाता है कि शंकर गिरि बैंक से ऋण लेकर मोटरसाइकिल पार्ट्स की दुकान चला रहे थे। आग लगने की इस घटना से उन्हें शारीरिक चोट के साथ-साथ भारी आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है। हादसे के बाद उनकी आर्थिक स्थिति काफी प्रभावित हुई है।




