बीमार पिता को अस्पताल ले जाते समय हादसा, बाइक सवार युवक की मौत
सड़क पर अचानक मवेशी आने से बिगड़ा संतुलन, मनोहरपुर-धानापाली मार्ग के सिमिरता गांव के पास देर रात हुआ हादसा

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
बीमार पिता को अस्पताल ले जाते समय हादसा, बाइक सवार युवक की मौत
सड़क पर अचानक मवेशी आने से बिगड़ा संतुलन, मनोहरपुर-धानापाली मार्ग के सिमिरता गांव के पास देर रात हुआ हादसा
गुवा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनोहरपुर-धानापाली मुख्य मार्ग पर सिमिरता गांव के समीप मंगलवार देर रात सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रेंगाड़बेड़ा गांव निवासी सुजीत महतो के रूप में हुई है। बताया गया कि सुजीत अपने बीमार पिता को बाइक से इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे डुमिरता मैदान के समीप अचानक एक मवेशी सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में सुजीत ने बाइक से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में सुजीत के सिर में गंभीर चोट लगी और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को हटाने के साथ शव को कब्जे में लिया। बुधवार सुबह पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। सुजीत की मौत से रेंगाड़बेड़ा गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में सड़क पर खुले में घूमने वाले मवेशियों को लेकर भी ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।





