Uncategorized

विजय टू खदान के ठेका संचालन में स्थानीय लोगों की भागीदारी की मांग, झारखंड मजदूर संघर्ष संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

बाहरी कंपनी को सभी कार्य सौंपने की संभावित तैयारी का विरोध, स्थानीय ठेकेदारों, वाहन मालिकों और बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।

विजय टू खदान के ठेका संचालन में स्थानीय लोगों की भागीदारी की मांग, झारखंड मजदूर संघर्ष संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी
बाहरी कंपनी को सभी कार्य सौंपने की संभावित तैयारी का विरोध, स्थानीय ठेकेदारों, वाहन मालिकों और बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग
गुवा संवाददाता। लंबे समय से बंद पड़ी टाटा स्टील की विजय टू लौह अयस्क खदान को दोबारा खोलने की चर्चाओं के बीच ठेका संचालन को लेकर विवाद गहराने लगा है। खदान के संचालन, ट्रांसपोर्टिंग, लौह अयस्क ढुलाई और अन्य कार्यों का जिम्मा स्थानीय ठेकेदारों एवं वेंडरों के बजाय एक ही बाहरी कंपनी को सौंपे जाने की संभावित तैयारी से सारंडा क्षेत्र के स्थानीय ठेकेदारों, बेरोजगार युवाओं, वाहन मालिकों और छोटे कारोबारियों में नाराजगी है। इस मामले को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ ने विरोध जताते हुए स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पाण्डे ने कहा कि विजय टू खदान का दोबारा संचालन सारंडा क्षेत्र के विकास और स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। लेकिन यदि खदान से जुड़े कार्यों में स्थानीय लोगों को भागीदारी नहीं मिली, तो इसका वास्तविक लाभ क्षेत्र के लोगों तक नहीं पहुंच पाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में खदान के अलग-अलग कार्य स्थानीय ठेकेदारों और वेंडरों के माध्यम से कराए जाते थे। इससे क्षेत्र में रोजगार और व्यवसाय का मजबूत नेटवर्क बना रहता था। ट्रांसपोर्टिंग, मजदूरों की नियुक्ति और अन्य कार्यों से स्थानीय वाहन मालिकों, चालकों, श्रमिकों तथा छोटे कारोबारियों को आर्थिक लाभ मिलता था। रामा पाण्डे ने मांग की कि विजय टू खदान के पुनः संचालन में स्थानीय ठेकेदारों और वेंडरों को उचित भागीदारी दी जाए। साथ ही स्थानीय वाहन मालिकों को प्राथमिकता देने के अलावा योग्यतानुसार बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ठेका व्यवस्था का केंद्रीकरण कर स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी की गई, तो संघ ग्रामीणों, युवाओं, मजदूरों, वाहन मालिकों और कारोबारियों को एकजुट कर व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!