Uncategorized

टोंटो थाना प्रभारी पर झारखंड आंदोलनकारी से मारपीट और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप

पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा और केंद्रीय उपाध्यक्ष अशोक पान ने थाना प्रभारी के निलंबन व गिरफ्तारी की मांग की, प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।

टोंटो थाना प्रभारी पर झारखंड आंदोलनकारी से मारपीट और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप
पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा और केंद्रीय उपाध्यक्ष अशोक पान ने थाना प्रभारी के निलंबन व गिरफ्तारी की मांग की, प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना प्रभारी धनंजय सिंह पर झारखंड आंदोलनकारी एवं झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी के साथ दुर्व्यवहार, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले को लेकर झारखंड आंदोलनकारी संयुक्त मोर्चा ने कड़ी नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन से थाना प्रभारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।आरोप है कि थाना प्रभारी धनंजय सिंह बुधराम लागुरी के घर में प्रवेश कर उनके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। इसके बाद उन्हें एक सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट भी की गई। बुधराम लागुरी आदिवासी मुंडा समाज विकास समिति के केंद्रीय अध्यक्ष होने के साथ-साथ झारखंड आंदोलनकारी भी हैं।
मामले पर झारखंड आंदोलनकारी संयुक्त मोर्चा के पूर्व विधायक सह सलाहकार मंगल सिंह बोबोंगा एवं केंद्रीय उपाध्यक्ष अशोक पान ने घटना की निंदा की। दोनों नेताओं ने जिला प्रशासन एवं पुलिस अधीक्षक से थाना प्रभारी को तत्काल पद से हटाने, निलंबित करने तथा उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार करने की मांग की है।

मंगल सिंह बोबोंगा ने कहा कि बुधराम लागुरी ने झारखंड अलग राज्य आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके साथ इस तरह का कथित व्यवहार केवल एक व्यक्ति के सम्मान का मामला नहीं, बल्कि झारखंड आंदोलनकारी समाज और आदिवासी समुदाय के सम्मान से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि किसी भी पुलिस पदाधिकारी को कानून से ऊपर होकर किसी नागरिक के साथ दुर्व्यवहार करने का अधिकार नहीं है।नेताओं ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में ठोस कार्रवाई नहीं होने पर झारखंड आंदोलनकारी संयुक्त मोर्चा आंदोलन करने को बाध्य होगा।
मोर्चा के नेताओं ने कहा कि बुधराम लागुरी को न्याय दिलाने और पुलिस प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!