चक्रधरपुर मंडल स्टेशन पर चला विशेष स्वच्छता अभियान, डीआरएम समेत अफसरों ने उठाई झाड़ू
महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देकर अधिकारियों व रेलकर्मियों ने किया श्रमदान, स्वच्छता की दिलाई शपथ

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
चक्रधरपुर मंडल स्टेशन पर चला विशेष स्वच्छता अभियान, डीआरएम समेत अफसरों ने उठाई झाड़ू
महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देकर अधिकारियों व रेलकर्मियों ने किया श्रमदान, स्वच्छता की दिलाई शपथ
चक्रधरपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल मुख्यालय रेलवे स्टेशन परिसर में गुरुवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, रेलकर्मी तथा भारत स्काउट एवं गाइड के कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार और सर्कुलेटिंग एरिया में वृहद स्तर पर श्रमदान किया गया। डीआरएम समेत अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं हाथों में झाड़ू थामकर परिसर की सफाई की तथा कचरे को एकत्रित किया। अभियान के माध्यम से यात्रियों और आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता को केवल विशेष अभियान तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत बनाना जरूरी है। रेलवे परिसर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में रेलकर्मियों के साथ यात्रियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। यात्रियों से अपील की गई कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।

अभियान के दौरान अधिकारियों, रेलकर्मियों और कैडेट्स ने “स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ परिसर और स्वच्छ समाज” की शपथ ली। रेल प्रशासन ने यात्रियों से स्वच्छ एवं यात्री-अनुकूल रेलवे परिसर बनाए रखने में निरंतर सहयोग की अपील की।







