दीपावली की छुट्टी में बदलाव से भड़के मजदूर, मेघाहातुबुरू खदान में संयुक्त मोर्चा का चक्का जाम
उत्पादन और माल ढुलाई ठप, पूर्व निर्धारित 9 नवंबर की छुट्टी बहाल करने की मांग पर एकजुट हुए सभी श्रमिक संगठन

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
दीपावली की छुट्टी में बदलाव से भड़के मजदूर, मेघाहातुबुरू खदान में संयुक्त मोर्चा का चक्का जाम
उत्पादन और माल ढुलाई ठप, पूर्व निर्धारित 9 नवंबर की छुट्टी बहाल करने की मांग पर एकजुट हुए सभी श्रमिक संगठन
गुवा संवाददाता। सेल की मेघाहातुबुरू लौह अयस्क खदान में दीपावली की छुट्टी को लेकर प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के बीच विवाद गहरा गया है। छुट्टी के आदेश में बार-बार बदलाव किए जाने से नाराज सभी मजदूर यूनियन संयुक्त मोर्चा के बैनर तले शुक्रवार, 6 नवंबर को दोपहर एक बजे से आंदोलन पर उतर आए। श्रमिकों ने खदान में चक्का जाम कर दिया, जिससे उत्पादन, माल ढुलाई समेत खदान के अन्य कार्य पूरी तरह ठप हो गए।
मजदूर संगठनों की मुख्य मांग है कि 9 नवंबर 2026 (सोमवार) को पूर्व में घोषित दीपावली की छुट्टी को फिर से बहाल किया जाए। यूनियन प्रतिनिधियों का आरोप है कि प्रबंधन ने पहले छुट्टी की घोषणा कर कर्मचारियों को राहत दी, लेकिन अचानक आदेश बदलकर उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इसे श्रमिकों के साथ अन्याय बताते हुए संगठनों ने विरोध जताया है।यूनियन प्रतिनिधियों के अनुसार, स्टैंडिंग ऑर्डर के प्रावधानों के तहत कर्मचारियों को होली, विजयादशमी, विश्वकर्मा पूजा और दीपावली जैसे चार प्रमुख त्योहारों पर विशेष फेस्टिवल हॉलिडे दिया जाता है। इन छुट्टियों की तिथियों में आपसी सहमति से बदलाव करने की परंपरा भी रही है।
बताया जाता है कि 4 नवंबर 2026 को मेघाहातुबुरू खदान के मानव संसाधन विभाग ने आदेश जारी कर 8 नवंबर (रविवार) की दीपावली छुट्टी को बदलकर 9 नवंबर (सोमवार) कर दिया था। इस निर्णय से कर्मचारियों में खुशी थी। लेकिन अगले ही दिन, 5 नवंबर को प्रबंधन ने नया आदेश जारी कर 9 नवंबर की छुट्टी रद्द कर दी और 11 नवंबर (बुधवार) को भाई दूज की छुट्टी घोषित कर दी। इसी फैसले से मजदूरों में आक्रोश फैल गया।
आक्रोशित श्रमिकों ने संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में खदान में चक्का जाम कर प्रबंधन के फैसले का विरोध किया। आंदोलन का नेतृत्व आफताब आलम, अमित झा, गुंजन कुमार, दीपक राम, इलियास चाम्पिया, इंतखाब आलम, संतोष पांडा, जगन्नाथ चातर, धनुर्जय लागुरी, अनिल टोपनो, धनीराम लकड़ा, राज नारायण शर्मा और कुलदीप सिंह सहित अन्य श्रमिक प्रतिनिधि कर रहे हैं। श्रमिकों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।



