सेल में प्लांट और खदानों के बीच भेदभाव का आरोप, खदान कर्मियों को भी लाभांश देने की मांग
झारखंड मजदूर संघर्ष संघ ने सेल चेयरमैन, केंद्रीय इस्पात मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेज उठाए सवाल; NJCS में खदानों को प्रतिनिधित्व देने की मांग

गुवा संवाददाता। सेल के इस्पात संयंत्रों और खदानों के कर्मचारियों के बीच कथित भेदभाव को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ ने सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, केंद्रीय इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी, इस्पात मंत्रालय के सचिव संदीप पोंड्रिक, निदेशक (खान), अधिशासी निदेशक (खान) तथा किरीबुरू लौह अयस्क खदान के मुख्य महाप्रबंधक को पत्र भेजकर खदान कर्मचारियों को भी संयंत्रों की तरह लाभांश एवं अन्य सुविधाओं का लाभ देने की मांग की है।संघ के अध्यक्ष रामा पांडेय के नेतृत्व में भेजे गए पत्र में महामंत्री राजेंद्र सेंद्रिया ने कहा है कि सेल के इस्पात संयंत्र और खदान एक-दूसरे के पूरक हैं। खदानों से मिलने वाले लौह अयस्क के बिना इस्पात का उत्पादन संभव नहीं है। इसके बावजूद कंपनी के बेहतर प्रदर्शन और लाभांश की चर्चा होने पर केवल संयंत्रों को प्राथमिकता दी जाती है, जबकि खदानों के कर्मचारियों के योगदान की अनदेखी होती है। संघ ने इसे खदान कर्मियों के साथ दोहरा मापदंड और भेदभाव करार दिया है। पत्र में बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के कर्मचारियों और अधिकारियों को कंपनी के बेहतर प्रदर्शन के मद्देनजर क्रमशः 3300 और 5500 रुपये के गिफ्ट कूपन दिए जाने के निर्णय का उल्लेख किया गया है। संघ ने इस पहल का स्वागत करते हुए सवाल उठाया है कि बोकारो संयंत्र को लौह अयस्क उपलब्ध कराने वाली झारखंड खान समूह की खदानों के कर्मचारियों को इस लाभ से क्यों वंचित रखा जा रहा है। संघ का कहना है कि उत्पादन और कंपनी के प्रदर्शन में खदानों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए उन्हें भी समान रूप से प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।1964 से मिल रही सुविधाओं में बदलाव पर जताई आपत्ति




