झारखंड मजदूर संघर्ष संघ दोनों यूनियन के संयुक्त यूनियनों ने सीजीएम के समक्ष उठाईं मजदूरों की समस्याएं, छठ पूजा के बाद अनिश्चितकालीन चक्का जाम की चेतावनी
किरीबुरू और मेघाहातुबुरू के सीजीएम के साथ हुई बैठक में एंबुलेंस, डॉक्टरों की बहाली, जॉइनिंग लेटर और क्वार्टरों की मरम्मत समेत कई मांगें उठीं

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के दोनों संयुक्त यूनियनों ने सीजीएम के समक्ष उठाईं मजदूरों की समस्याएं, छठ पूजा के बाद अनिश्चितकालीन चक्का जाम की चेतावनी
किरीबुरू और मेघाहातुबुरू के सीजीएम के साथ हुई बैठक में एंबुलेंस, डॉक्टरों की बहाली, जॉइनिंग लेटर और क्वार्टरों की मरम्मत समेत कई मांगें उठीं
गुवा संवाददाता। मजदूरों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के दोनों संयुक्त यूनियनों ने किरीबुरू के सीजीएम एमपी शिवपुरकर तथा मेघाहातुबुरू के सीजीएम एसके सिंह के साथ बैठक की। बैठक में यूनियन प्रतिनिधियों ने सेल प्रबंधन के समक्ष मजदूरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए जल्द समाधान की मांग की।

बैठक में यूनियन प्रतिनिधियों ने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से वाहन चालक मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करेंगे। वहीं, काफी संख्या में ठेका मजदूरों को अब तक जॉइनिंग लेटर नहीं दिया गया है। प्रबंधन से ऐसे सभी मजदूरों को अविलंब जॉइनिंग लेटर उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा किरीबुरू सेल अस्पताल में नया एंबुलेंस लाने, मजदूरों को मेडिकल सुविधा में हो रही परेशानियों को दूर करने, अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की बहाली करने तथा दवाइयों की उपलब्धता बढ़ाने की मांग रखी गई। यूनियन नेताओं ने सिविल विभाग की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मजदूरों के क्वार्टरों में लंबे समय से सिविल कार्य नहीं हो रहा है। इसे देखते हुए क्वार्टरों की मरम्मत एवं आवश्यक सिविल कार्य अविलंब शुरू कराया जाए। संयुक्त यूनियनों ने सेल प्रबंधन से मांग की कि इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए बोकारो में सेल निदेशक के साथ यूनियनों की संयुक्त बैठक कराई जाए। इस पर सेल प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि बहुत जल्द बोकारो में सेल निदेशक के साथ झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के दोनों संयुक्त यूनियनों की बैठक आयोजित कराई जाएगी।

बैठक के अंत में यूनियन प्रतिनिधियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि छठ पूजा से पहले उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो छठ पूजा के बाद किरीबुरू खदान में अनिश्चितकालीन चक्का जाम किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी सेल प्रबंधन की होगी। बैठक में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, आफताब आलम, इंतेकाब आलम, राजेंद्र सिंधिया, सुनील पासवान सहित अन्य यूनियन प्रतिनिधि मौजूद थे।




