चाईबासा में खेलो इंडिया अस्मिता रग्बी सिटी लीग संपन्न
U-15 में बीएसबी लुमजुड़ी और U-18 में ब्लैक ईगल आरएफसी ने जीता खिताब

चाईबासा में खेलो इंडिया अस्मिता रग्बी सिटी लीग संपन्न
U-15 में बीएसबी लुमजुड़ी और U-18 में ब्लैक ईगल आरएफसी ने जीता खिताब
रिपोर्ट: संदीप गुप्ता। पश्चिमी सिंहभूम रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन मैदान में आयोजित खेलो इंडिया अस्मिता रग्बी सिटी लीग 2026 का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता में अंडर-15 और अंडर-18 बालिका वर्ग की टीमों ने हिस्सा लिया और खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव अजय नायक और डॉ. मनोरंजन प्रसाद की उपस्थिति में हुआ। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। अंडर-15 बालिका वर्ग में बीएसबी लुमजुड़ी ने प्रथम स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किया। चिल्ड्रेन पार्क स्कूल उपविजेता रहा, जबकि सेंट टेरेसा हाई स्कूल, झींकपानी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-18 वर्ग में ब्लैक ईगल आरएफसी विजेता बनी। वेस्ट सिंहभूम रग्बी ने दूसरा तथा सिंहभूम क्वीन ने तीसरा स्थान हासिल किया।पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह में चाईबासा के मेयर नितिन प्रकाश और समाजसेवी शीतल नाग ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
एसोसिएशन के सचिव नरेश हेस्सा ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय बालिका खिलाड़ियों में रग्बी के प्रति रुचि बढ़ाना और उनकी प्रतिभा को निखारकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए अतिथियों, विद्यालयों, कोचों, खिलाड़ियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।




