क्राइम

जगन्नाथपुर में पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार, लोहे की गड़ासी से वार कर ली थी जान

जिंतुगड़ा गांव में सनसनीखेज वारदात, पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को दबोचा; पूछताछ में अपराध स्वीकार करने का पुलिस का दावा

जगन्नाथपुर

पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जिंतुगड़ा गांव के स्कुलसाई टोला में पत्नी की हत्या के मामले में जगन्नाथपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घरेलू विवाद के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी पर लोहे की गड़ासी से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को जगन्नाथपुर थाना को सूचना मिली कि जिंतुगड़ा स्कुलसाई गांव निवासी मांगील सिंकु ने अपनी पत्नी सालमी सिंकु के चेहरे पर लोहे की गड़ासी से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया है। हमले में सालमी सिंकु की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर थाना प्रभारी ने वरीय पुलिस अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जगन्नाथपुर के निर्देश पर तत्काल एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।

गिरफ्तार आरोपी के साथ पुलिस

मौके पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो महिला का शव खून से लथपथ अवस्था में घर के अंदर पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल छापेमारी अभियान शुरू किया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मांगील सिंकु, उम्र लगभग 35 वर्ष, पिता स्वर्गीय बुधु सिंकु, निवासी जिंतुगड़ा स्कुलसाई, थाना जगन्नाथपुर, जिला पश्चिमी सिंहभूम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस विज्ञप्ति के मुताबिक, घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की गड़ासी और अन्य प्रदर्श को भी जब्त किया गया है। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है, ऐसा पुलिस का दावा है।

हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज

इस मामले में जगन्नाथपुर थाना कांड संख्या 48/2026, दिनांक 28 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 103(1) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

छापेमारी दल में ये अधिकारी थे शामिल

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफाएल मुर्मू, जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार, राजेश कुमार राय, विश्वनाथ हेम्ब्रम, सहायक अवर निरीक्षक नियाम कुमार सिंह तथा जगन्नाथपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या या आपराधिक घटना की जानकारी मिलने पर डायल 112 पर सूचना दें अथवा नजदीकी थाना को इसकी जानकारी दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!