गुवा रेलवे मार्केट चोरीकांड का खुलासा, चोरी के सामान के साथ युवक गिरफ्तार
35 रिपेयरिंग मोबाइल और दो ब्लूटूथ स्पीकर बरामद, पूर्व में भी चोरी के मामले में जा चुका है जेल
रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
गुवा रेलवे मार्केट चोरीकांड का खुलासा, चोरी के सामान के साथ युवक गिरफ्तार
35 रिपेयरिंग मोबाइल और दो ब्लूटूथ स्पीकर बरामद, पूर्व में भी चोरी के मामले में जा चुका है जेल
गुवा संवाददाता। गुवा थाना क्षेत्र के रेलवे मार्केट स्थित सुभाष मोबाइल स्टोर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान शक्तिनगर निवासी करन गोप (19 वर्ष), पिता स्वर्गीय सनिका गोप के रूप में हुई है।

पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दुकान से चोरी किए गए 35 रिपेयरिंग मोबाइल फोन और दो ब्लूटूथ स्पीकर बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, मोबाइल स्टोर के संचालक सुभाष कुमार सिंह (51 वर्ष), पिता स्वर्गीय बलराम सिंह, निवासी ऊपर धौड़ा, गुवा ने 26 अक्टूबर 2026 की रात दुकान का ताला तोड़कर मोबाइल फोन और ब्लूटूथ स्पीकर चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी।
उनके लिखित आवेदन के आधार पर गुवा थाना कांड संख्या 30/2026, दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत अज्ञात चोर के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चोरी की घटना में शक्तिनगर निवासी करन गोप शामिल है और चोरी का सामान उसने अपने घर के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर 28 अक्टूबर को छापामारी टीम ने करन गोप से पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर घर के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखे गए 35 रिपेयरिंग मोबाइल फोन और दो ब्लूटूथ स्पीकर बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पहले भी चोरी के मामले में जा चुका है जेल:
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार करन गोप का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह गुवा (बड़ाजामदा ओपी) थाना कांड संख्या 27/2025, दिनांक 11 जून 2025 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(1) के तहत दर्ज चोरी के मामले में जेल जा चुका है। छापामारी टीम में किरीबुरू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनीत कुमार किंडो, गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक विनोद बेक, गणेश शंकर गौड़ तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।




