जेटेया, नोवामुंडी और तांतनगर में तीन लूटकांडों का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने हथियार, वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक, लूट के 3,600 रुपये और आरोपी के कपड़े किए बरामद; गिरफ्तार गोपाल कोड़ा का नौ पुराने आपराधिक मामलों में नाम
जगन्नाथपुर
पश्चिमी सिंहभूम जिले में जेटेया, नोवामुंडी और तांतनगर थाना क्षेत्र में हुई तीन लूट की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस की विशेष छापेमारी टीम ने कार्रवाई करते हुए जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के पाताहातु निवासी गोपाल कोड़ा (29) को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार, बिना नंबर की पल्सर एनएस 160 मोटरसाइकिल, लूट के 3,600 रुपये और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का नाम पहले से नौ आपराधिक मामलों में दर्ज है। तीनों घटनाओं में उसकी संलिप्तता और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच में जुटी है।

मोबाइल छीनने का विरोध करने पर युवक पर फायरिंग
जेटेया थाना क्षेत्र में 5 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे कोटगढ़ चौक से लगभग 200 मीटर आगे एक युवक के साथ लूटपाट की घटना हुई थी। कातिकोड़ा गांव निवासी विभीषण तिरिया (24) सर्टिफिकेट निकालने के सिलसिले में कोटगढ़ चौक गया था। लौटने के दौरान वह सड़क किनारे मोटरसाइकिल रोककर मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी बीच सड़क किनारे रो रही एक लड़की को देखकर उसने उससे रोने का कारण पूछा।
तभी पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने विभीषण का मोबाइल फोन छीनकर सड़क पर पटक दिया और फिर मोबाइल लेकर जाने लगे। विरोध करने पर एक युवक ने पीछे से कट्टा निकालकर उसके दाहिने कान के पास गोली चला दी। गोली कान के बगल से छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। इस मामले में जेटेया थाना कांड संख्या 12/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
मुर्गी फार्म में घुसकर चोरी का प्रयास
नोवामुंडी थाना क्षेत्र में भी हथियार के बल पर चोरी के प्रयास का मामला सामने आया था। मनसा मंदिर के पास रहने वाले मुर्गी फार्म संचालक रुपेश ठाकुर (34) के अनुसार, वह 6 अक्टूबर को सुबह करीब सात बजे अपने पचायसाई स्थित मुर्गी फार्म गया था। दिनभर काम करने के बाद वह घर लौट आया।
इसके बाद फार्म में तैनात गार्ड परकेस नायक ने मोबाइल फोन पर सूचना दी कि शाम करीब 6:40 बजे दो व्यक्ति चोरी के इरादे से फार्म में घुसे थे। आरोप है कि उनमें से एक ने हथियार दिखाकर गार्ड को चुप रहने की धमकी दी। इसके बाद दोनों ने दराज में तलाशी ली। रुपये नहीं मिलने पर दराज को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना के संबंध में नोवामुंडी थाना कांड संख्या 30/26 दर्ज किया गया।
फेरीवाले से कटारी के बल पर छह हजार रुपये लूटे
तांतनगर ओपी क्षेत्र में भी लूट की घटना हुई थी। पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के रहने वाले इमादुद्दीन अंसारी, जो पाव रोटी बेचने का काम करते हैं, 6 अक्टूबर को फेरी लगाने के लिए कोकचो आए थे। उनके अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे सुनसान पुलिया के पास काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पहुंचे और उनकी बाइक को पैर से धक्का मार दिया।
आरोप है कि इसके बाद दो युवक नीचे उतरे और उनमें से एक ने उनकी गर्दन पर कटारी रख दी। बदमाशों ने उनकी जेब से छह हजार रुपये नकद और खाने-पीने का कुछ सामान लूट लिया। इस मामले में तांतनगर ओपी कांड संख्या 55/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी विशेष टीम
तीनों घटनाओं के त्वरित उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के निर्देश पर किरीबुरु के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। अभियान में जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व वाली टीम भी शामिल रही। छापेमारी के दौरान पुलिस ने गोपाल कोड़ा को गिरफ्तार किया और घटनाओं से संबंधित सामान बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में एक लोहे का चापड़, तांतनगर की घटना में इस्तेमाल की गई काले-लाल रंग की बिना नंबर वाली पल्सर एनएस 160 मोटरसाइकिल, लूटे गए छह हजार रुपये में से 3,600 रुपये तथा घटना के समय पहने गए कपड़े शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी पर पहले से नौ मामले दर्ज
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार गोपाल कोड़ा के खिलाफ पहले से विभिन्न थानों में नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें जगन्नाथपुर, हाटगम्हरिया, खरसावां, मुफ्फसिल चाईबासा, कुचाई और सोनुआ थाना क्षेत्रों के मामले शामिल हैं। दर्ज मामलों में मारपीट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, लूट, डकैती, चोरी, रंगदारी और आपराधिक साजिश जैसी धाराएं शामिल हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तीनों घटनाओं के त्वरित अनुसंधान के क्रम में आरोपी की गिरफ्तारी और सामान की बरामदगी की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
छापेमारी दल में ये अधिकारी थे शामिल
छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक एवं नोवामुंडी थाना प्रभारी वासुदेव मुंडा, जेटेया थाना प्रभारी रितेश कुमार सिंह, नोवामुंडी थाना के पुलिस अवर निरीक्षक नयन कुमार सिंह, जेटेया थाना के पुलिस अवर निरीक्षक संजीत कुमार रजक, सहायक अवर निरीक्षक संतोष पिंगुवा, नोवामुंडी के सहायक अवर निरीक्षक तारकनाथ सिंह तथा जेटेया थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
