Uncategorized

स्टेशन रोड के हनुमान मंदिर में भीषण चोरी, दानपेटी तोड़कर रुपये ले उड़े चोर

रामनवमी महोत्सव के लिए जुटाई जा रही थी राशि, घटना के बाद श्रद्धालुओं और व्यवसायियों में आक्रोश

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।

स्टेशन रोड के हनुमान मंदिर में भीषण चोरी, दानपेटी तोड़कर रुपये ले उड़े चोर
रामनवमी महोत्सव के लिए जुटाई जा रही थी राशि, घटना के बाद श्रद्धालुओं और व्यवसायियों में आक्रोश
चक्रधरपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के व्यस्त चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के ठीक सामने स्टेशन रोड स्थित प्रसिद्ध श्री हनुमान मंदिर में बीती रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अपराधियों ने मंदिर का मुख्य ताला तोड़कर दानपेटी में रखी श्रद्धालुओं की चढ़ावा राशि पर हाथ साफ कर दिया। सुबह मंदिर के सेवादार जब पूजा के लिए पहुंचे तो टूटा हुआ ताला और बिखरा सामान देखकर चोरी की जानकारी हुई। घटना की खबर फैलते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

मंदिर समिति के प्रमुख अतरु यादव ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर में चोरी की यह पहली घटना है। बताया गया कि दानपेटी को वर्ष में एक बार रामनवमी से पहले खोला जाता था। इसमें जमा राशि से रामनवमी महोत्सव का आयोजन किया जाता था। ऐसे में रामनवमी कोष की चोरी से श्रद्धालुओं में विशेष नाराजगी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्टेशन रोड की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि अतिक्रमण और दुकानों के हटने के बाद रात में स्टेशन रोड का कुछ हिस्सा वीरान हो जाता है। इसके बावजूद पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी की रात्रि गश्त के बीच मंदिर में चोरी होना चिंता का विषय है। लोगों ने रात में पेट्रोलिंग बढ़ाने और स्टेशन रोड पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस मंदिर और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का भरोसा दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!