Uncategorized
समाजसेवी मांगता सुरीन के निधन पर शोक, 26 अक्टूबर का धरना-प्रदर्शन स्थगित
मानकी-मुंडा एवं रैयत श्रमिक संघ ने गुवा सेल प्रबंधन के खिलाफ प्रस्तावित जनरल ऑफिस घेराव कार्यक्रम टाला

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
समाजसेवी मांगता सुरीन के निधन पर शोक, 26 अक्टूबर का धरना-प्रदर्शन स्थगित
मानकी-मुंडा एवं रैयत श्रमिक संघ ने गुवा सेल प्रबंधन के खिलाफ प्रस्तावित जनरल ऑफिस घेराव कार्यक्रम टाला
गुवा संवाददाता। समाजसेवी मांगता सुरीन के आकस्मिक निधन से पूरे गांव में शोक की लहर है। उनके निधन के कारण मानकी-मुंडा एवं रैयत श्रमिक संघ ने गुवा सेल प्रबंधन के खिलाफ 26 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन एवं जनरल ऑफिस घेराव कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित कर दिया है। जानकारी के अनुसार, सारंडा पीढ़ के मानकी सुरेश चाम्पिया की अध्यक्षता में गुवा सेल प्रबंधन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन और जनरल ऑफिस घेराव की तैयारी की गई थी। इसी बीच शनिवार सुबह रांची स्थित रिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान समाजसेवी मांगता सुरीन के निधन की खबर मिली। इसके बाद संघ ने शोक के मद्देनजर प्रस्तावित कार्यक्रम को स्थगित करने का निर्णय लिया। बताया जाता है कि मांगता सुरीन काफी दिनों से बीमार चल रहे थे और रिम्स में उनका इलाज चल रहा था। शनिवार सुबह उनके निधन की खबर मिलते ही ग्रामीणों में शोक छा गया। मांगता सुरीन गांव के सक्रिय समाजसेवी थे। वे ग्रामीणों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहते थे। किसी परिवार पर संकट आने या जरूरतमंदों को सहायता की आवश्यकता पड़ने पर वे आगे बढ़कर सहयोग करते थे। गांव के विकास, सामाजिक एकता और ग्रामीणों के हितों के लिए उनका योगदान सराहनीय रहा। ग्रामीणों ने कहा कि उनका सरल स्वभाव, लोगों के प्रति अपनापन और जरूरतमंदों की मदद करने की भावना उन्हें विशेष बनाती थी। उनके निधन से गांव ने एक समर्पित समाजसेवी को खो दिया है। उनकी सामाजिक सेवाओं और योगदान को ग्रामीण लंबे समय तक याद रखेंगे।



