धूलकण से परेशान ग्रामीणों ने चार घंटे रोके काले डस्ट लदे दर्जनों हाइवा
मुख्य सड़क पर उड़ती धूल से बढ़ी परेशानी, पानी छिड़काव और सड़क की सफाई की मांग पर अड़े ग्रामीण

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
धूलकण से परेशान ग्रामीणों ने चार घंटे रोके काले डस्ट लदे दर्जनों हाइवा
मुख्य सड़क पर उड़ती धूल से बढ़ी परेशानी, पानी छिड़काव और सड़क की सफाई की मांग पर अड़े ग्रामीण
नोवामुंडी। मुख्य सड़क पर उड़ते काले डस्ट से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को काली मेडिकल स्टोर के पास दर्जनों डस्ट लदे हाइवा वाहनों को करीब चार घंटे तक रोककर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सड़क पर गिरे डस्ट की सफाई कराने और धूल से निजात दिलाने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव करने की मांग की।

ग्रामीणों के अनुसार, विद्युत कार्यालय जाने वाले चौक, डीबीसी चौक, डुकासाई चौक, मुखिया रवि सामड के घर के पास और काली मेडिकल स्टोर के निकट मुख्य सड़क पर बने बंपर से तेज गति में गुजरने वाले ओवरलोड वाहनों से काला डस्ट गिरता है। इससे सड़क पर धूलकण उड़ते रहते हैं और आसपास के लोगों को काफी परेशानी होती है।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि ओडिशा के कारा केंडरा गांव के पास रूंगटा ग्रुप की कंपनी में जमा बेकार काले डस्ट को निजी उपयोग के लिए हाइवा वाहनों से नोवामुंडी के तोड़ेतोपा और कुटिंगता के निकट ले जाया जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि ओवरलोड वाहनों के दिन-रात परिचालन के कारण मुख्य सड़क पर लगातार डस्ट गिर रहा है। इससे घरों में रखे पेयजल, मकानों की छतों और पेड़-पौधों की पत्तियों पर काली धूल जम रही है तथा वातावरण प्रदूषित हो रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार को सेंट मेरिज स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे बच्चों और उनके अभिभावकों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। ओवरलोड वाहनों से उड़ते काले धूलकण बच्चों और अभिभावकों के चेहरे तथा कपड़ों पर जम गए। इससे नाराज होकर लोगों को सड़क पर उतरना पड़ा।

मो. नौशाद, मुंडा घासोवा बारजो, रामसिंह बारजो और चिंटू सुलंकी के संयुक्त नेतृत्व में ग्रामीणों ने दोपहर एक बजे से हाइवा वाहनों को रोक रखा था। करीब चार घंटे बाद, मुख्य सड़क पर झाड़ू लगाकर डस्ट की सफाई शुरू किए जाने के बाद शाम पांच बजे वाहनों को जाने दिया गया। ग्रामीणों ने सड़क की नियमित सफाई और पानी के छिड़काव की मांग की।



