Uncategorized

घरेलू विवाद में खूनी खेल! गैंता से पत्नी की हत्या का आरोप, जिंतुगड़ा में मचा हड़कंप

विधायक सोनाराम सिंकु के पैतृक गांव जिंतुगड़ा की घटना, आरोपी पति हिरासत में; पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

जगन्नाथपुर

पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के जिंतुगड़ा गांव में बुधवार तड़के एक महिला की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सालमी सिंकु के रूप में हुई है। आरोप है कि उसके पति मांगील सिंकु ने घरेलू विवाद के बाद गैंता से वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जिंतुगड़ा गांव जगन्नाथपुर के विधायक सोनाराम सिंकु का पैतृक गांव है।

घटनास्थल पर लगी भीड़

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर रात लगभग 1-2 बजे मांगील सिंकु और उसकी पत्नी सालमी सिंकु के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी पति ने कथित तौर पर गैंता से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना का खुलासा तब हुआ, जब गांव के निवासी सुब्बल सिंकु के मोबाइल पर फोन आया। उनसे सलमी सिंकु से बात करने को कहा गया। इसके बाद सुब्बल सिंकु महिला के घर पहुंचे और कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर दरवाजा खोलकर देखा तो घर के अंदर सालमी सिंकु का शव पड़ा था। इसके बाद उन्होंने ग्रामीण मुंडा सोमनाथ सिंकु को घटना की जानकारी दी।

ग्रामीण मुंडा सोमनाथ सिंकु ने तत्काल जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास को सूचना दी। जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। विधायक सोनाराम सिंकु को भी घटना से अवगत कराया गया। वह भी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली।

शव को पोस्टमार्टम के लिए जाते

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया है। आरोपी मांगील सिंकु को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सुब्बल सिंकु, ग्रामीण मुंडा सोमनाथ सिंकु और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है।

थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास के अनुसार मृत्तिका की छोटी बहन अवंती लागुरी ने बताया कि दोनों पति पत्नी के बीच कभी कभी लड़ाई झगड़ा होता रहता था। हालांकि हत्या के पीछे का वास्तविक कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आरोपी मांगिल सिंकु कुछ भी नहीं बता पा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!