स्कूल से छात्र-छात्राओं की तस्वीरें बाहर मिलने पर अभिभावकों में चिंता, जांच की मांग
तस्वीरों की सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर उठे सवाल, शिक्षक पर छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार की शिकायत का भी दावा

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
स्कूल से छात्र-छात्राओं की तस्वीरें बाहर मिलने पर अभिभावकों में चिंता
स्कूल से छात्र-छात्राओं की तस्वीरें बाहर मिलने पर अभिभावकों में चिंता, जांच की मांग
तस्वीरों की सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर उठे सवाल, शिक्षक पर छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार की शिकायत का भी दावा
गुवा क्षेत्र के एक विद्यालय से छात्र-छात्राओं की तस्वीरें विद्यालय परिसर के बाहर लावारिस हालत में मिलने का मामला सामने आने के बाद अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि शैक्षणिक कार्यों, परीक्षा और पंजीकरण जैसी प्रक्रियाओं के दौरान विद्यार्थियों की तस्वीरें विद्यालय को उपलब्ध कराई जाती हैं। ऐसे में तस्वीरों का विद्यालय से बाहर मिलना उनकी सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर सवाल खड़े कर रहा है।
अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की तस्वीरों को सुरक्षित रखना विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की है कि मामले की जांच कर यह पता लगाया जाए कि तस्वीरें विद्यालय से बाहर कैसे पहुंचीं और उन्हें खुले में किसने फेंका।
AI के दौर में दुरुपयोग की आशंका
अभिभावकों ने चिंता जताई कि यदि बच्चों की तस्वीरें गलत हाथों में पहुंचती हैं तो आधुनिक तकनीक और AI आधारित इमेज एडिटिंग व जेनरेशन टूल्स के जरिए उनका दुरुपयोग किया जा सकता है। हालांकि, फिलहाल किसी तस्वीर के दुरुपयोग की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन से विद्यार्थियों की तस्वीरों और अन्य निजी दस्तावेजों की सुरक्षा व्यवस्था स्पष्ट करने की मांग की है।
इसी मामले से जुड़े अभिभावकों की ओर से विद्यालय के एक शिक्षक के खिलाफ छात्राओं के साथ कथित ‘बैड टच’ को लेकर शिकायत दिए जाने का भी दावा किया गया है। बताया गया है कि विद्यालय प्रबंधन और सेल, गुवा प्रबंधन को लिखित शिकायत दी गई है। अभिभावक सूत्रों के अनुसार शिकायत के बाद विद्यालय स्तर पर प्रारंभिक जांच शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।
हालांकि, शिक्षक के खिलाफ लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित शिक्षक का पक्ष भी सामने नहीं आया है. अभिभावकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा तस्वीरों के विद्यालय से बाहर पहुंचने के मामले में जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।



