मोदी गेट पंप हाउस से कनेक्शन तार की चोरी, दो दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप
डुकासाई के ग्रामीणों को हो रही परेशानी, मुखिया समेत जनप्रतिनिधियों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
मोदी गेट पंप हाउस से कनेक्शन तार की चोरी, दो दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप
डुकासाई के ग्रामीणों को हो रही परेशानी, मुखिया समेत जनप्रतिनिधियों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
नोवामुंडी। मोदी गेट के समीप स्थित पंप हाउस से सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने पेयजल आपूर्ति का कनेक्शन तार चोरी कर लिया। तार चोरी होने के कारण डुकासाई गांव में पिछले दो दिनों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप है। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल स्थानीय लोगों के प्रयास से सोलर आधारित जलमीनार के माध्यम से उपभोक्ताओं के घरों तक किसी तरह पानी पहुंचाया जा रहा है। घटना को लेकर बालीझोर पंचायत के मुखिया रवि सामड, पंचायत समिति सदस्य सतीश ठाकुर, मुंडा घासोवा बारजो एवं झामुमो नेता मो. नौशाद ने नोवामुंडी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
मुखिया रवि सामड ने बताया कि चोरों ने रात के अंधेरे में पंप हाउस का पेयजल कनेक्शन तार काटकर चोरी कर लिया। चोरों ने पानी पंप के मोटर को भी चोरी करने का प्रयास किया था। उन्होंने बताया कि इससे पहले डीबीसी मंदिर परिसर में स्थित जलमीनार का तार भी चोरी कर लिया गया था। किसी तरह मरम्मत कर जलापूर्ति व्यवस्था चालू रखी गई थी।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बाधित करने वाले चोरों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।




