बुधराम लागुरी से दुर्व्यवहार के मामले में टोंटो थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित करें : सोनाराम देवगम
झामुमो जिला अध्यक्ष ने एसपी को पत्र लिखकर की कार्रवाई की मांग, कहा- झारखंड आंदोलनकारियों का अपमान बर्दाश्त नहीं

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
बुधराम लागुरी से दुर्व्यवहार के मामले में टोंटो थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित करें : सोनाराम देवगम
झामुमो जिला अध्यक्ष ने एसपी को पत्र लिखकर की कार्रवाई की मांग, कहा- झारखंड आंदोलनकारियों का अपमान बर्दाश्त नहीं
चाईबासा, 7 नवंबर। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पश्चिमी सिंहभूम के जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने झारखंड आंदोलनकारी सह झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में टोंटो थाना प्रभारी धनंजय सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने इस संबंध में पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की मांग की है।सोनाराम देवगम ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि थाना प्रभारी धनंजय सिंह द्वारा बुधराम लागुरी के साथ किया गया दुर्व्यवहार अत्यंत निंदनीय है। उनके अनुसार, इस तरह का व्यवहार आदिवासी समाज, झारखंड की अस्मिता और झारखंड आंदोलन की भावनाओं के प्रति असम्मान को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य का गठन लंबे संघर्ष और हजारों आंदोलनकारियों के बलिदान के बाद हुआ है। ऐसे में राज्य के निर्माण में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों के साथ अपमानजनक व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी आम जनता और जनप्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने तथा कानून के दायरे में रहकर कार्य करने की है।
झामुमो जिला अध्यक्ष ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित थाना प्रभारी के विरुद्ध तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस पदाधिकारी अपने पद की गरिमा और जिम्मेदारियों का पालन नहीं करेंगे, तो आम जनता का पुलिस प्रशासन पर विश्वास प्रभावित होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आदिवासी समाज, झारखंड आंदोलनकारियों और राज्य की अस्मिता के सम्मान के मुद्दे पर झामुमो कोई समझौता नहीं करेगा। पार्टी को उम्मीद है कि पुलिस प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई करेगा।




