कुमारडुंगी व जगन्नाथपुर में अवैध शराब के ठिकानों पर उत्पाद विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी
30 लीटर तैयार देसी शराब और 460 किलो किण्वित जावा-महुआ बरामद, एक कारोबारी हिरासत में

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
कुमारडुंगी व जगन्नाथपुर में अवैध शराब के ठिकानों पर उत्पाद विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी
30 लीटर तैयार देसी शराब और 460 किलो किण्वित जावा-महुआ बरामद, एक कारोबारी हिरासत में
जगन्नाथपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग की विशेष टीम ने मंगलवार को कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के बांसपानी और जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के खुटियापदा गांव में ताबड़तोड़ छापेमारी कर अवैध देसी शराब निर्माण के ठिकानों को ध्वस्त किया।

छापेमारी के दौरान टीम ने विभिन्न स्थानों से करीब 30 लीटर तैयार देसी शराब और 460 किलोग्राम किण्वित जावा-महुआ बरामद किया। बरामद जावा-महुआ और तैयार शराब को उत्पाद अधिनियम के प्रावधानों के तहत मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान एक शराब कारोबारी को टीम ने मौके से पकड़ लिया, जबकि उसका एक अन्य साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। विभाग की ओर से दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, वितरण और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने अवैध मदिरा कारोबार में संलिप्त लोगों को चेतावनी दी है कि गैरकानूनी गतिविधियों में पकड़े जाने पर उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।




