Uncategorized
रांजाबुरु खदान में डीजल टैंकर पलटा, सड़क पर बहा हजारों लीटर डीजल
एक दिन पहले हाईवा का ब्रेक फेल होने की घटना के बाद फिर हादसा, झारखंड मजदूर संघर्ष संघ ने जांच की उठाई मांग

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
रांजाबुरु खदान में डीजल टैंकर पलटा, सड़क पर बहा हजारों लीटर डीजल
एक दिन पहले हाईवा का ब्रेक फेल होने की घटना के बाद फिर हादसा, झारखंड मजदूर संघर्ष संघ ने जांच की उठाई मांग
गुवा संवाददाता। सेल की गुवा लौह अयस्क खदान के रांजाबुरु खदान क्षेत्र में शनिवार को मां सरला कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का एक डीजल टैंकर चढ़ाई के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर पलटने से उसमें भरा डीजल सड़क पर बह गया। हालांकि इस दुर्घटना में टैंकर चालक बाल-बाल बच गया। उसे खरोंच तक नहीं आई।

घटना के बाद खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों के परिचालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। गौरतलब है कि एक दिन पूर्व भी इसी कंपनी का एक हाईवा वाहन ब्रेक फेल होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं ने खदान क्षेत्र में वाहनों की सुरक्षा और माइनिंग नियमों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस संबंध में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि खदान क्षेत्र में आए दिन इस तरह की दुर्घटनाएं हो रही हैं। वाहनों का परिचालन माइनिंग नियमों का उल्लंघन कर किया जा रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सेल प्रबंधन एवं प्रशासन से मांग की कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं की सीबीआई जांच कराई जाए तथा मां सरला कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कार्यों और वाहनों के परिचालन की जांच के लिए विशेष जांच टीम गठित की जाए, ताकि दुर्घटनाओं के कारणों का पता चल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।




