Uncategorized

आंदोलनकारियों के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी

सूर्य सिंह बेसरा पर हमले और बुधराम लागुरी से कथित दुर्व्यवहार के विरोध में झारखंड आंदोलनकारी संयुक्त मोर्चा ने भरी हुंकार, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।

आंदोलनकारियों के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी
सूर्य सिंह बेसरा पर हमले और बुधराम लागुरी से कथित दुर्व्यवहार के विरोध में झारखंड आंदोलनकारी संयुक्त मोर्चा ने भरी हुंकार, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
गुवा संवाददाता। झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान और स्वाभिमान के साथ खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। झारखंड आंदोलनकारी सह पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा पर हुए हमले तथा झारखंड आंदोलनकारी सह झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटना को लेकर आंदोलनकारियों में भारी आक्रोश है। इसके विरोध में झारखंड आंदोलनकारी संयुक्त मोर्चा ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है। शुक्रवार को कोल्हान हितैषी पुस्तकालय में पूर्व विधायक एवं झारखंड आंदोलनकारी मंगल सिंह बोबोंगा की अध्यक्षता में झारखंड आंदोलनकारियों और संयुक्त मोर्चा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जमशेदपुर के गोपाल मैदान में टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान हुई घटना की कड़े शब्दों में निंदा की गई।
बैठक में आंदोलनकारियों ने कहा कि जिन लोगों ने अलग झारखंड राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष किया, जेल गए, लाठियां खाईं और अपना पूरा जीवन आंदोलन के लिए समर्पित कर दिया, आज उन्हीं आंदोलनकारियों को अपने ही राज्य में अपमानित होना पड़ रहा है। यह बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है।
बैठक को संबोधित करते हुए मंगल सिंह बोबोंगा ने कहा कि सूर्य सिंह बेसरा पर हुआ हमला और बुधराम लागुरी के साथ कथित दुर्व्यवहार केवल दो व्यक्तियों का अपमान नहीं है, बल्कि झारखंड आंदोलन की संघर्षशील विरासत और समूचे आंदोलनकारी समाज के स्वाभिमान पर सीधा हमला है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य किसी की कृपा या उपहार में नहीं मिला है, बल्कि हजारों आंदोलनकारियों के संघर्ष, बलिदान और शहादत के परिणामस्वरूप अस्तित्व में आया है। उन्होंने राज्य सरकार से पूरे प्रकरण की तत्काल निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने मामले को गंभीरता से संज्ञान में लिया है तथा केंद्रीय गृहमंत्री से झारखंड आंदोलनकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
बैठक में यह भी मांग उठाई गई कि झारखंड सरकार और टाटा स्टील की ओर से आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में झारखंड आंदोलनकारियों को उचित सम्मान दिया जाए। इसके अलावा उनकी सुरक्षा के लिए पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
बैठक में झारखंड आंदोलनकारी नवाज हुसैन, मंजीत कोड़ा, अशोक पान, फिरोज अहमद, सोहेल अहमद, कृष्णा सिंकु, सोमा कोड़ा, राजेन बालमुचू, नन्ने खान, गुरुचरण पान, मधुसूदन तुबिड और सीताराम लागुरी सहित अन्य आंदोलनकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!