Uncategorized

जमजुई गांव में मलेरिया का बढ़ता प्रकोप, 20 से अधिक लोग पीड़ित

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों पर दुर्व्यवहार का लगाया आरोप, मच्छरदानी उपलब्ध कराने की मांग

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।

जमजुई गांव में मलेरिया का बढ़ता प्रकोप, 20 से अधिक लोग पीड़ित

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों पर दुर्व्यवहार का लगाया आरोप, मच्छरदानी उपलब्ध कराने की मांग

गुवा संवाददाता। पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत जमजुई गांव में मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। अब तक 20 से अधिक ग्रामीण मलेरिया से पीड़ित बताए जा रहे हैं, जबकि मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए आदिवासी हो समाज युवा महासभा एवं नेशनल आदिवासी रिवाइवल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ जागरूकता बैठक आयोजित की।

बैठक में ग्रामीणों को मलेरिया के लक्षण, संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय तथा समय पर उपचार कराने की जानकारी दी गई। लोगों को घरों एवं आसपास पानी जमा नहीं होने देने, साफ-सफाई रखने, नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने तथा बुखार आने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में मलेरिया की जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान ग्रामीणों ने जेटेया स्थित सरकारी स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों पर अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया। ग्रामीणों ने सामाजिक प्रतिनिधियों को बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पहुंचते ही उनके साथ गाली-गलौज की जाती है और धमकी भरे लहजे में कहा जाता है कि पहले क्यों नहीं आते हो, यहां कुछ नहीं होगा, यहां से चले जाओ। ग्रामीणों ने इस व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि मलेरिया के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सदर अस्पताल चाईबासा से वरिष्ठ चिकित्सक एवं मेडिकल टीम ने जमजुई गांव का दौरा किया है। टीम ने मरीजों के उपचार एवं बीमारी की रोकथाम को लेकर आवश्यक चिकित्सकीय दिशा-निर्देश भी दिए हैं। ग्रामीणों ने सामाजिक संगठनों से तत्काल मच्छरदानी उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि संक्रमण के प्रसार पर रोक लगाई जा सके। इस अवसर पर आदिवासी हो समाज युवा महासभा एवं नेशनल आदिवासी रिवाइवल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, खान-पान और रहन-सहन में सावधानी बरतने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मलेरिया मुक्त गांव बनाने के लिए जागरूकता, सतर्कता और समय पर उपचार के साथ सामुदायिक सहभागिता बेहद जरूरी है।वहीं, आदिवासी हो समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय महासचिव गब्बरसिंह हेम्ब्रम ने सदर अस्पताल चाईबासा एवं पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन से संपर्क कर ग्रामीणों के बेहतर इलाज तथा मलेरिया की रोकथाम के लिए तत्काल मच्छरदानी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर जिला प्रशासन ने मरीजों का विवरण उपलब्ध कराने के बाद मच्छरदानी मुहैया कराने का आश्वासन दिया। बैठक में पहाड़ सिंह लागुरी, बागुन लागुरी, रंजीत सिरका, शंकर सिरका, विजय लागुरी, गणेश लागुरी, मुर्गी सिरका, बासु लागुरी, दामु लागुरी, जितेन केराई, राजेश सिरका, जंडोए लागुरी सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!