देवकी कुमारी की पहल लाई रंग, गुवा पूर्वी पंचायत में शुरू हुआ सिलाई प्रशिक्षण केंद्र
वन विभाग ने महिलाओं को प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध कराईं 15 सिलाई मशीनें, बिहार की दो प्रशिक्षिकाएं दे रही सिलाई-कटाई का प्रशिक्षण

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
देवकी कुमारी की पहल लाई रंग, गुवा पूर्वी पंचायत में शुरू हुआ सिलाई प्रशिक्षण केंद्र
वन विभाग ने महिलाओं को प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध कराईं 15 सिलाई मशीनें, बिहार की दो प्रशिक्षिकाएं दे रही सिलाई-कटाई का प्रशिक्षण
गुवा संवाददाता। महिलाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नोवामुंडी भाग-1 की जिला परिषद सदस्य सुश्री देवकी कुमारी का प्रयास रंग लाया। उनके लगातार प्रयास और मांग पर वन विभाग गुवा की ओर से गुवा पूर्वी पंचायत भवन में सिलाई-कटाई प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया गया है। इस केंद्र का संचालन एक माह पूर्व ही शुरू हो चुका है।

वन विभाग की ओर से महिलाओं को सिलाई-कटाई का प्रशिक्षण देने के लिए 15 सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। इन सिलाई मशीनों का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य सुश्री देवकी कुमारी तथा विशिष्ट अतिथि पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मिनी लागुरी एवं पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी ने फीता काटकर किया। महिलाओं को बेहतर प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से बिहार से दो महिला प्रशिक्षिकाओं श्वेता कुमारी एवं माला तिवारी को लाया गया है। दोनों प्रशिक्षिकाओं द्वारा महिलाओं को सिलाई-कटाई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं स्वरोजगार शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी। इस संबंध में बताया गया कि जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी काफी समय से महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से वन विभाग गुवा से सिलाई-कटाई प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने की मांग कर रही थीं। जनप्रतिनिधियों की मांग पर वन विभाग के पदाधिकारियों ने पहल करते हुए प्रशिक्षण केंद्र के लिए 15 सिलाई मशीनें उपलब्ध कराईं। इस अवसर पर बाल अधिकार मंच की पदमा केसरी, जेएसएलपीएस जेंडर सीआरपी गीता देवी, ममता देवी, अनुराधा राव सहित विभिन्न महिला समूहों की सदस्य एवं अन्य महिलाएं उपस्थित थीं।




