लोकल न्यूज़

तीन महीने से मजदूरी नहीं मिलने पर मजदूरों ने किया ठेकेदार का पुतला दहन

15वें वित्त आयोग से निर्मित नहर के मजदूरों का भुगतान लंबित होने का आरोप, कार्रवाई के बाद भी मजदूर परेशान

जगन्नाथपुर

जगन्नाथपुर प्रखंड की तोन्डागहातु पंचायत अंतर्गत कुन्दरीझोर गांव में तीन महीने से मजदूरी भुगतान नहीं होने से नाराज मजदूरों ने रविवार, 11 अक्टूबर की शाम संवेदक चंद्र मोहन लागुरी का पुतला दहन कर विरोध जताया। मजदूरों का आरोप है कि 15वें वित्त आयोग की राशि से रासिका केराई के घर के सामने से देशाऊली तक पक्की नहर के नवनिर्माण कार्य में उन्होंने मजदूरी की थी, लेकिन लंबे समय तक भुगतान नहीं किया गया। इससे मजदूरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पुतला दहन करते

 

मजदूरी भुगतान की मांग को लेकर जिला परिषद सदस्य मानसिंह तिरिया ने मजदूरों के साथ उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त से मुलाकात कर मामले से अवगत कराया था। इसके बाद भी कार्रवाई में विलंब होने पर उन्होंने उप विकास आयुक्त से दोबारा मिलकर मजदूरों की बकाया मजदूरी का भुगतान कराने की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए 8 अक्टूबर 2026 को मजदूरी भुगतान कर दिया गया।

 

हालांकि, मजदूरों का कहना है कि भुगतान के बाद भी उनकी परेशानी दूर नहीं हुई है। आरोप है कि संवेदक चंद्र मोहन लागुरी ने योजना की राशि मिल जाने के बाद भुवनेश्वर जाने की बात कही। इसके बाद जब मजदूरों ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, तो उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ बताने लगा। जिला परिषद सदस्य मानसिंह तिरिया ने भी संवेदक से फोन पर संपर्क कर मजदूरों की मजदूरी का भुगतान अविलंब करने को कहा। इस पर संवेदक के भुवनेश्वर में होने की बात कही गई। इसके बाद से उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।

मजदूरी भुगतान को लेकर लगातार परेशानियों का सामना कर रहे मजदूरों ने रविवार शाम संवेदक के खिलाफ पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। मजदूरों ने बकाया मजदूरी का जल्द भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।

मौके पर शिरो, गोप कानू तिरिया, बुद्धू लोहार, दुर्गा हेंब्रम, शुक्र मुनि तिरिया, बुधनी बोयपाई, सविता तिरिया सहित अन्य मजदूर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!