जगन्नाथपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर, बड़ी संख्या में ग्रामीणों की हुई जांच
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण, ग्रामीणों को दी गई निःशुल्क दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श
जगन्नाथपुर
भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष बमिया लागुरी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं आसपास के लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार निःशुल्क दवाइयां प्राप्त कीं।

शिविर में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन समेत विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के बाद चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया तथा जरूरतमंद लोगों के बीच निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहे रक्तदान शिविर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और स्वैच्छिक रक्तदान भी किया।

पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और लोगों को समय पर जांच एवं उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे स्वास्थ्य शिविर महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आगे भी गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक इस तरह के शिविर आयोजित करने की बात कही।
वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने शिविर में ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी को उत्साहजनक बताते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
चिकित्सक डॉ. पंकज महतो ने लोगों को संतुलित खान-पान, बेहतर जीवनशैली और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया। इस दौरान चिकित्सा प्रभारी डॉ. जोसेफ मेलगांडी सहित मेडिकल टीम के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी अरुण कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अंबिका कुमारी, अंचल अधिकारी रानी तिरिया, धीरज सिंह, रविदास, जीतू गुप्ता, संतोष पान, रंजन गोप, सुशीला नायक, बसंत गोप, अमित महापात्रो, गुरा हेंब्रम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




