अधूरे बने कुएं में गिरने से हाथी की मौत, मुआवजे की मांग पर छह घंटे अड़ा रहा ग्रामीणों का विरोध
फसल खाने के दौरान कुएं में गिरा हाथी, वन विभाग के आश्वासन के बाद दफनाने की मिली अनुमति

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
अधूरे बने कुएं में गिरने से हाथी की मौत, मुआवजे की मांग पर छह घंटे अड़ा रहा ग्रामीणों का विरोध
फसल खाने के दौरान कुएं में गिरा हाथी, वन विभाग के आश्वासन के बाद दफनाने की मिली अनुमति
गुवा संवाददाता। गुवा थाना क्षेत्र के बड़ाजामदा बालजोड़ी स्थित सिंदरी गौरी गांव में एक हाथी की अधूरे कुएं में गिरने से मौत हो गई। हाथी की मौत के बाद ग्रामीणों ने खेत में लगी फसल के नुकसान का मुआवजा देने की मांग को लेकर उसके शव को दफनाने का विरोध किया।

करीब छह घंटे तक चले विरोध के बाद वन विभाग के अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीणों ने हाथी को दफनाने की अनुमति दी। ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार देर शाम हाथी रघुनाथ चातोम्बा के खेत में लगी फसल खा रहा था। करीब 10 एकड़ जमीन पर फसल लगी हुई थी। इसी दौरान हाथी खेत के बगल में बने अधूरे कुएं में फिसलकर गिर गया।

हाथी रातभर कुएं में पड़ा रहा। गुरुवार सुबह जब ग्रामीण अपने खेत पहुंचे, तो उन्होंने कुएं के अंदर हाथी को गिरा हुआ देखा। इसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और हाथी को कुएं से निकालने का प्रयास किया।

हाथी की मौत होने के बाद वन विभाग की टीम ने घटनास्थल पर ही उसे दफनाने के लिए गड्ढा खोदने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि जब तक खेत में लगी फसल के नुकसान का मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक हाथी को दफनाने नहीं दिया जाएगा। ग्रामीणों की मांग के कारण शव को दफनाने की प्रक्रिया करीब छह घंटे तक रुकी रही। बाद में वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को मुआवजे के संबंध में आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण हाथी को दफनाने के लिए राजी हुए।

इस संबंध में नोवामुंडी वन विभाग के फॉरेस्टर आलोक कुमार ने हाथी की मौत की पुष्टि की है। फिलहाल हाथी की मौत की घटना और फसल के नुकसान को लेकर ग्रामीणों के बीच मुआवजे का मुद्दा प्रमुख बना हुआ है।




