Uncategorized

टोटो चालक के चंगुल से 17 वर्षीय नाबालिग को ग्रामीण महिलाओं ने बचाया

चाईबासा बस स्टैंड जाने के लिए निकली थी बच्ची, रात तक घुमाने का आरोप

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।

टोटो चालक के संदिग्ध व्यवहार पर ग्रामीण महिलाओं ने दिखाई तत्परता, 17 वर्षीय नाबालिग सुरक्षित
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड अंतर्गत ऊलीराजाबासा गांव में ग्रामीण महिलाओं की तत्परता और साहस से 17 वर्षीय नाबालिग बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया। बच्ची के परिजनों का संपर्क नंबर उपलब्ध नहीं होने के कारण महिला समिति ने उसे अपनी निगरानी में रखा और बाद में पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग कुछ दिन पूर्व पर्व मनाने के लिए सदर प्रखंड के एक गांव स्थित अपने मामा के घर आई थी। अपने पैतृक गांव लौटने के लिए वह चाईबासा बस स्टैंड जाने के उद्देश्य से एक टोटो पर सवार हुई। आरोप है कि टोटो चालक उसे निर्धारित स्थान पर ले जाने के बजाय रात करीब नौ बजे तक विभिन्न इलाकों में घुमाता रहा और अंततः खुंटपानी के ऊलीराजाबासा गांव पहुंच गया। बताया जाता है कि संदिग्ध परिस्थिति महसूस होने पर नाबालिग ने स्थानीय लोगों से मदद की गुहार लगाई। उसकी चीख-पुकार सुनकर गांव की महिलाएं मौके पर पहुंचीं और बच्ची को टोटो चालक के कब्जे से छुड़ाकर सुरक्षित अपने पास रखा। ग्रामीण महिलाओं ने तत्काल उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद महिला समिति ने मामले की जानकारी खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा को दी। प्रखंड प्रमुख ने गांव पहुंचकर नाबालिग से घटना की जानकारी ली तथा मुफस्सिल थाना प्रभारी से संपर्क किया। इसके बाद बच्ची को सुरक्षित पुलिस के सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू की गई, ताकि आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे उसके परिजनों तक पहुंचाया जा सके। घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाने तथा मानव तस्करी की आशंका से जुड़े मामलों की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!