कार्तिक छठ पर अस्ताचलगामी सूर्य को श्रद्धालुओं ने दिया पहला अर्घ्य, कुसुम घाट पर वाराणसी की तर्ज पर हुई भव्य गंगा आरती
बनारस से आए पांच विद्वान पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कराया गंगा आरती का आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
कार्तिक छठ पर अस्ताचलगामी सूर्य को श्रद्धालुओं ने दिया पहला अर्घ्य, कुसुम घाट पर वाराणसी की तर्ज पर हुई भव्य गंगा आरती
बनारस से आए पांच विद्वान पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कराया गंगा आरती का आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
गुवा संवाददाता। सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व कार्तिक छठ के तीसरे दिन रविवार को गुवा, बड़ाजामदा एवं किरीबुरू में छठ महापर्व पूरे हर्षोल्लास, भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित किया। गुवा के कारो नदी स्थित कुसुम घाट, कल्याण नगर छठ घाट, योग नगर छठ घाट, बड़ाजामदा बाजार स्थित छठ घाट, नालदा छठ घाट तथा किरीबुरू के विभिन्न छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

व्रतियों ने नदी एवं जलाशयों में खड़े होकर विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य की आराधना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान गुवा के कारो नदी स्थित कुसुम घाट पर गुवावासियों के सामूहिक सहयोग से विशेष गंगा आरती का आयोजन किया गया। वाराणसी की तर्ज पर आयोजित इस भव्य गंगा आरती में बनारस से आए पांच विद्वान पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती संपन्न कराई। पुरोहितों द्वारा किए गए मंत्रोच्चार और भव्य आरती ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक एवं भक्तिमय बना दिया।

वाराणसी से विशेष रूप से पहुंचे विद्वान पुरोहितों द्वारा आयोजित इस अद्भुत गंगा आरती को देखने के लिए कुसुम घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। आरती के दौरान नदी किनारे दीपों की रोशनी, वैदिक मंत्रों की गूंज और भगवान भास्कर की आराधना से पूरा कुसुम घाट भक्तिमय नजर आया।
इस भव्य आयोजन ने श्रद्धालुओं को वाराणसी की गंगा आरती जैसा आध्यात्मिक अनुभव कराया।


