Uncategorized

टोंटो में युवक पर जानलेवा हमला, हंसुआ से गर्दन पर किया वार; लूटपाट के बाद खेत में फेंककर भागे पांच अपराधी

बड़ा झींकपानी हाट से घर लौटते समय दिया वारदात को अंजाम, गंभीर हालत में जमशेदपुर रेफर

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।

टोंटो में युवक पर जानलेवा हमला, हंसुआ से गर्दन पर किया वार; लूटपाट के बाद खेत में फेंककर भागे पांच अपराधी
बड़ा झींकपानी हाट से घर लौटते समय दिया वारदात को अंजाम, गंभीर हालत में जमशेदपुर रेफर
चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में बुधवार शाम हत्या के प्रयास और लूटपाट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बड़ा झींकपानी हाट से काम खत्म कर घर लौट रहे 30 वर्षीय युवक को पांच अज्ञात अपराधियों ने रास्ते में घेरकर बेरहमी से मारपीट की और नकदी लूट ली। इसके बाद अपराधियों ने धान काटने वाले हंसुआ से उसकी गर्दन पर जानलेवा वार कर दिया। युवक को मृत समझकर अपराधी उसे खून से लथपथ हालत में खेत में छोड़कर फरार हो गए।
घायल युवक की पहचान दोकटटा सोसो टोला गांव निवासी चंद्रमोहन दास के रूप में हुई है। वह बड़ा झींकपानी हाट स्थित एक जूते की दुकान में काम करता है। बुधवार शाम दुकान का काम खत्म करने के बाद वह पैदल अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बड़ा झींकपानी और दोकटटा गांव के बीच सुनसान रास्ते पर बाइक सवार पांच अपराधियों ने उसे रोक लिया। परिजनों के अनुसार, अपराधियों ने पहले चंद्रमोहन के साथ जमकर मारपीट की और उसकी जेब में रखे नकद रुपये छीन लिए। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने हंसुआ से उसकी गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल होकर युवक जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद अपराधी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए।
इधर, काफी देर तक चंद्रमोहन के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह एक खेत में खून से लथपथ गंभीर हालत में पड़ा मिला। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल चाईबासा ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही टोंटो थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के लोगों एवं राहगीरों से पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। सुनसान रास्ते पर हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!